समाचार · उत्तर प्रदेश
UP की बेटियों के लिए खुलेंगे शिक्षा के नए रास्ते, 31 आवासीय विद्यालयों के निर्माण को 751 करोड़ मंजूर

UP Balika Vidyalaya Yojana: उत्तर प्रदेश में पढ़ाई के बेहतर अवसरों की तलाश कर रही बेटियों के लिए अच्छी खबर है. प्रदेश के शैक्षणिक रूप से पिछड़े विकासखंडों में मुख्यमंत्री आवासीय बालिका विद्यालय बनाए जाने हैं. इस योजना के तहत कुल 128 विद्यालयों का निर्माण प्रस्तावित है. फिलहाल, शासन ने 31 विद्यालयों के निर्माण के लिए 751.40 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को मंजूरी दी है. इन विद्यालयों के जरिए बालिकाओं को शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम आगे बढ़ाया जाएगा.
एक विद्यालय पर खर्च होंगे 24 करोड़ रुपये से अधिक
स्वीकृत कार्ययोजना के तहत प्रत्येक विद्यालय के निर्माण पर करीब 24.24 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. 31 विद्यालयों के लिए कुल 751.40 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है. वहीं, निर्माण कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए पहली किस्त के रूप में 375.70 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं.
बेसिक शिक्षा विभाग ने दिए कार्रवाई के निर्देश
विद्यालयों के निर्माण को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग ने बुधवार को राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा को पत्र जारी किया है. इसमें स्वीकृत कार्ययोजना के अनुसार निर्माण से जुड़ी आगे की कार्रवाई तत्काल करने के निर्देश दिए गए हैं. इससे संबंधित विकासखंडों में विद्यालय निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता साफ हुआ है.
आगरा से गोरखपुर तक इन क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
स्वीकृत सूची में आगरा जिले का एत्मादपुर, औरैया का अजीतमल और बागपत के बिनौली व खेकड़ा विकासखंड शामिल हैं. इसके अलावा फतेहपुर के अमौली, देवमई और खजुहा तथा गोरखपुर के भरोहिया विकासखंड में भी विद्यालय बनाए जाएंगे.
कानपुर और हाथरस के विकासखंड भी सूची में
योजना के तहत हाथरस और सासनी विकासखंड में विद्यालयों का निर्माण किया जाएगा. कानपुर देहात के अकबरपुर, मलासा, राजपुर, रसूलाबाद और सरवनखेड़ा को भी इसमें शामिल किया गया है. वहीं, कानपुर नगर के भीतरगांव, बिल्हौर, घाटमपुर, कल्याणपुर, पतारा, सरसौल और शिवराजपुर विकासखंड में भी मुख्यमंत्री आवासीय बालिका विद्यालय बनाए जाने हैं.
Must Read: यूपी के मेधावी छात्रों को मुफ्त JEE-NEET कोचिंग का मौका, जानें पात्रता और आवेदन की प्रक्रिया