समाचार · हरियाणा
महेंद्रगढ़ जिला में हड़ताल से बिजली व्यवस्था चरमराई:1146 कर्मचारी-अधिकारी हड़ताल पर, सुबह 5 बजे से कटौती; बिजली कार्यालयों में पुलिस तैनात
हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिला में दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम के कर्मचारियों ने आज हड़ताल रखी। कर्मचारी रात से ही हड़ताल पर चले गए। जिससे जिला में बिजली व्यवस्था चरमरा गई। शहर महेंद्रगढ़ के अलावा सतनाली, कनीना व अटेली के ग्रामीण क्षेत्रों में रात से ही बिजली गायब है। वहीं नारनौल में सुबह 5 बजे से बिजली नहीं आ रही। जिसके कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। निजी कंपनियों को पैरेलल लाइसेंस देने के विरोध में जिला के बिजली कर्मचारी रात से ही हड़ताल पर चले गए। जिला में बिजली कर्मचारियों के अलावा अधिकारी, जिनमें एसई, एक्सईएन व एसडीओ तथा जेई शामिल हैं, वे भी हड़ताल पर हैं। ऐसे में जिला में करीब 1146 कर्मचारी व अधिकारी हड़ताल पर चले गए। जिससे परेशानी बढ़ गई। एक बार कटी तो नहीं आएगी बिजली निगम के हर फीडर में आठ से दस घंटे बाद ऑटोमेटिक कट लगता है। इसके बाद ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी पांच से दस मिनट में उसको रिस्टोर कर देते हैं। जिससे दुबारा लाइट आ जाती है, मगर अब यदि एक बार लाइट चली गई तो उसको दुबारा शुरू करने वाला कोई नहीं है। ग्रामीण एरिया में ज्यादा परेशानी हालांकि बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहरी व ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में परेशानी हो रही है, मगर सबसे ज्यादा परेशानी ग्रामीण एरिया में है। ग्रामीण क्षेत्र में रात दस बजे के बाद बिजली नहीं आई। वहीं शहरी क्षेत्र में यह समस्या सुबह पांच बजे या उसके बाद से बनी हुई है। ऑफिसों में तैनात पुलिस किसी भी प्रकार के प्रदर्शन या अन्य से निपटने के लिए बिजली निगम के कार्यालयों में प्रशासन द्वारा पुलिस की तैनाती की गई है। नारनौल, अटेली, महेंद्रगढ़ कनीना बिजली दफ्तरों में पुलिस का पहरा है। एसडीएम ने किया दौरा हड़ताल का जायजा लेने के लिए कनीना के एसडीएम गुरविंद्र सिंह ने अटेली व कनीना के निगम कार्यालयों का दौरा किया है। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों व अधिकारियों क उपस्थिति सहित हड़ताल का जायजा लिया। पुलिस ने की शांति की अपील महेंद्रगढ़ पुलिस ने 22 से 24 अक्टूबर तक हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल के मद्देनजर आमजन और प्रदर्शनकारी कर्मचारियों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने कर्मचारियों से अपनी मांगें शांतिपूर्ण और कानूनसम्मत तरीके से रखने तथा प्रदर्शन के दौरान सड़क मार्ग, यातायात और आपातकालीन सेवाओं में बाधा नहीं डालने का आग्रह किया है। अफवाहों पर न दें ध्यान साथ ही बिजली प्रतिष्ठानों, सरकारी संपत्ति और आवश्यक सेवाओं की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने आमजन से बिजली आपूर्ति को लेकर फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने को कहा है। पुलिस ने चेतावनी दी कि हिंसा, तोड़फोड़ या कानून-व्यवस्था भंग करने वाली गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला में निषेधाज्ञा लागू हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा द्वारा 22 से 24 अक्टूबर 2026 तक बुलाई गई तीन दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल को ध्यान में रखते हुए जिलाधीश अनुपमा अंजली ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत जिला में सख्त निषेधाज्ञा आदेश जारी किए हैं। धरना, प्रदर्शन व जुलूस पर पाबंदी
जिलाधीश द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, जिले में स्थित सभी बिजली पावर स्टेशनों, उपकेंद्रों (220/132/33 केवी), 11 केवी स्विचिंग स्टेशनों, पंप हाउस उपकेंद्रों, डीएचबीवीएन व एचवीपीएनएल के कार्यालयों, स्टोरों, टीआरडब्ल्यू और आवश्यक फीडरों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के अवैध रूप से पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने, धरना-प्रदर्शन, घेराव, नाकेबंदी, जुलूस निकालने या नारेबाजी करने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा।