समाचार · झारखंड
दलित युवक से मारपीट के विरोध में NH-39 जाम, एक घंटे तक आवागमन बाधित

पड़वा (पलामू): सदर थाना क्षेत्र के सिंगरा कला गांव में दलित युवक के साथ मारपीट के विरोध में परिजनों ने गुरुवार को एनएच-39 जाम कर दिया. सुबह 10 बजे से 11 बजे तक चले जाम के कारण सड़क पर आवागमन बाधित रहा. सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद परिजनों ने जाम हटा लिया.
अमानत नदी की ओर गये युवक के साथ मारपीट
भुक्तभोगी मुकेश राम, पिता स्व. रामजीत राम ने बताया कि वह गुरुवार की सुबह शौच के लिए अमानत नदी की ओर गये थे. इसी दौरान सिंगरा निवासी गोरख सिंह तीन-चार लोगों के साथ वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट करने लगे. मारपीट में उनका सिर फट गया और वह बेहोश हो गये. होश आने के बाद वह घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजनों के साथ मिलकर उन्होंने एनएच-39 जाम कर दिया.
ये भी पढ़ें: पूजा पंडाल घूमने गयी महिला का खेत में मिला शव, परिजनों का आरोप- दुष्कर्म कर फोड़ीं दोनों आंखें
विजयादशमी की रात हुई मारपीट से जुड़ा मामला
सूत्रों के अनुसार, विजयादशमी की रात करीब आठ बजे कृष्णा राम के पुत्र धीरज राम और ललटू राम के बीच किसी विवाद को लेकर मारपीट हुई थी. बताया जाता है कि इसके बाद ललटू राम ने अपने कुछ दोस्तों को बुलाया, जिन्होंने धीरज के साथ मारपीट की. इसके बाद दलित बस्ती के लोगों और वहां पहुंचे युवकों के बीच भी मारपीट हुई, जिसमें दूसरे पक्ष के कुछ लोग भी घायल हो गये.
पुरानी रंजिश में मारपीट की आशंका
घटना के बाद दोनों पक्षों ने सदर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी. गुरुवार सुबह मुकेश राम के साथ हुई मारपीट को इसी पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, घटना के कारणों और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल सदर थाना पुलिस गांव पहुंचकर मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
ये भी पढ़ें: गर्भवती प्रेमिका को कुएं में धकेलकर भागा प्रेमी, रातभर तड़पती रही युवती