समाचार · मध्य प्रदेश
भाजपा चलाएगी 22 से ‘लोकतंत्र बचाओ-भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान
इंदौर | भाजपा 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ-भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान चलाएगी। इसकी रणनीति तय करने के लिए केसर बाग रोड स्थित गार्डन में भाजपा इंदौर महानगर की बैठक हुई। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि श्रीलंका, फ्रांस, बांग्लादेश और नेपाल जैसे देशों में अशांति का माहौल है। कुछ विदेशी ताकतें भारत को आगे बढ़ते हुए नहीं देखना चाहतीं और देश के विकास को रोकने का प्रयास कर रही हैं। हमारी लड़ाई उन ताकतों से है, जो भारत की प्रगति में बाधा डालना चाहती हैं। नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि विपक्ष के कथित षड्यंत्र और भ्रम को उजागर करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत पदयात्रा, प्रबुद्धजन गोष्ठी, युवा संवाद, छात्र प्रतियोगिताएं और सामाजिक माध्यमों के प्रभावशाली लोगों से संवाद किया जाएगा। बैठक में मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, मालिनी गौड़, मधु वर्मा, गोलू शुक्ला सहित अन्य नेता मौजूद रहे।