समाचार · मध्य प्रदेश
पुरानी रंजिश में परिवार पर लाठी-डंडों से हमला:मां-बहन-भाई को लात घूंसों से पीटा, 5 घायल; 7 लोगों पर FIR
शिवपुरी के खनियाधाना थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक ही परिवार के सदस्यों के साथ दो बार मारपीट का मामला सामने आया है। सुनील लोधी (18) की शिकायत पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पहली घटना में सुनील के पिता और ताऊ के साथ मारपीट की गई। इसके बाद थाने में शिकायत करने जाते समय उसकी मां, ताई, बहन और भाई के साथ भी मारपीट की गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिवपुरी जाते समय हुआ विवाद सुनील के मुताबिक, 21 अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे वह अपने ताऊ के बेटे अमित लोधी को इलाज के लिए शिवपुरी ले जा रहा था। इसी दौरान गांव में नीलेश लोधी के घर के सामने आनंद लोधी, जनकराम लोधी, राजकुमार लोधी और करन लोधी ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि विवाद के दौरान राजकुमार और करन ने सुनील के पिता रमेश लोधी को लाठी-डंडों से पीटा, जबकि आनंद और जनकराम ने उसके ताऊ हरभजन लोधी के साथ मारपीट की। दोनों के सिर सहित शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोटें आईं। थाने जाते समय परिवार के साथ मारपीट परिवार के लोग पहली घटना की शिकायत करने थाने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में प्रागीलाल लोधी, रजभान लोधी और यशपाल लोधी ने उसकी मां सुमन, ताई कुसमा, बहन सोनम और भाई अभिषेक के साथ मारपीट की। आरोप है कि चारों को जमीन पर पटककर लात-घूंसों से पीटा गया। सुनील ने आरोप लगाया कि बीच-बचाव के दौरान आरोपियों ने थाने में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सातों आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है।