समाचार · झारखंड
Karwa chauth 2026: दयानंद पब्लिक स्कूल में 29 अक्टूबर को मनेगा करवा चौथ, महिलाओं को मिलेंगे उपहार, लकी ड्रॉ भी होगा

जमशेदपुर: पंजाबी समाज जमशेदपुर की ओर से 29 अक्टूबर (गुरुवार) को करवा चौथ पूजा महोत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा. साकची के ताप्ती रोड स्थित आर्य समाज, दयानंद पब्लिक स्कूल परिसर में होने वाले इस कार्यक्रम में समाज की महिलाएं सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना करेंगी. आयोजन में महिलाओं के लिए उपहार, लकी ड्रॉ और सरप्राइज पुरस्कार भी रखे गये हैं.
पंजाबी समाज जमशेदपुर के अध्यक्ष विनोद अरोड़ा ने बताया कि करवा चौथ प्रेम, आस्था और परंपरा से जुड़ा पर्व है. इसे उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाने की तैयारियां की गयी हैं. समाज की कार्यकारिणी समिति की ओर से सभी सदस्यों के परिवार की महिलाओं और उनकी सहेलियों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है.
दोपहर 3 बजे से जुटेंगी महिलाएं, 3:30 बजे होगी पूजा
कार्यक्रम के अनुसार, महिलाओं का एकत्र होना दोपहर 3 बजे से शुरू होगा. सामूहिक करवा चौथ पूजा दोपहर 3:30 बजे प्रारंभ होगी. आयोजन में शामिल होने वाली सभी महिलाओं को उपहार दिये जाएंगे. वहीं, लकी ड्रॉ और सरप्राइज पुरस्कार कार्यक्रम को खास बनाएंगे.
अध्यक्ष विनोद अरोड़ा ने सभी श्रद्धालुओं से निर्धारित समय पर पहुंचने की अपील की है. साथ ही समाज के सदस्यों से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने का आग्रह किया है.