Thursday, 22 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

रेवाड़ी के पावर हाउसों पर 600 पुलिसकर्मी तैनात:तीन दिन की हड़ताल पर गए कर्मचारी, निजी कंपनी को लाइसेंस देने का विरोध

INT News22 October 2026 at 12:44 pm

हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं अधिकारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर गुरुग्राम और नूह जिलों में निजी कंपनी को बिजली वितरण लाइसेंस दिए जाने के विरोध में तीन दिन की राज्य स्तरीय हड़ताल के तहत रेवाड़ी जिले के पावर हाउसों से भी तमाम बिजली कर्मचारियों ने काम छोड़कर हड़ताल में शामिल होने का फैसला किया। प्रशासन ने सरकार के निर्देश पर सभी पावर हाउसों, सब-स्टेशनों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) 2023 की धारा 163 लागू कर दी है। जिले के पावर हाउसों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। रात को ही करीब 600 पुलिसकर्मी मोर्चा संभालने के लिए तैनात किए गए। हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की यह ऐसी हड़ताल है जिसमें कर्मचारी से लेकर एसडीओ स्तर तक के अधिकारी भाग ले रहे हैं। यूनियन के पदाधिकारियों ने साफ कहा है कि अगर कहीं फॉल्ट हो जाता है तो उसे ठीक करने के लिए कोई भी कर्मचारी आगे नहीं आएगा। दशहरा पर फूंके गए थे पुतले इससे पहले दशहरा (मंगलवार) के दिन रेवाड़ी के शक्ति भवन में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) के चेयरमैन के पुतले फूंके गए थे। बुधवार को सभी बिजली स्टेशनों/सब-यूनिटों पर एचईआरसी के आदेश की प्रतियां जलाकर विरोध जताया गया। त्योहारी सीजन में चल रही इस हड़ताल से बिजली व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि निजी कंपनी को लाइसेंस दिए जाने से राज्य के बिजली निगम (खासकर दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम) का वित्तीय आधार कमजोर होगा और उनका भविष्य अंधकारमय हो जाएगा, इसलिए वे इस फैसले का पुरजोर विरोध कर रहे हैं। वहीं, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और बिजली मंत्री अनिल विज ने कर्मचारियों से हड़ताल स्थगित करने की अपील की है, लेकिन यूनियन नेता अपनी मांग पर अडिग हैं।