समाचार · मध्य प्रदेश
रक्षाबंधन पर रीवा में बदलेगा ट्रैफिक रूट:सुबह 10 से रात 10 बजे तक ऑटो-ई-रिक्शा डायवर्ट, 7 पार्किंग स्थल तय
रीवा में रक्षाबंधन पर्व पर शहर में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने ऑटो-ई-रिक्शा के डायवर्सन और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की है। यह व्यवस्था 27 से 28 अगस्त तक सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक लागू रहेगी। प्रमुख बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ऑटो-ई-रिक्शा को निर्धारित मार्गों से ही गुजरने दिया जाएगा। यातायात व्यवस्था के लिए मानस भवन, रसिया मोहल्ला, अस्पताल चौराहा, कला मंदिर तिराहा, सफारी होटल, ट्रांसफार्मर तिराहा एवं सिरमौर चौराहा, मृगनैनी, शिल्पी प्लाजा, प्रकाश चौराहा और बड़ा चौराहा पर ड्यूटी प्वाइंट बनाए गए हैं। इन स्थानों पर यातायात पुलिस और पुलिस लाइन के जवान तैनात रहेंगे। शिल्पी प्लाजा पर 6 जवान संभालेंगे व्यवस्था
शिल्पी प्लाजा पर यातायात पुलिस के 2 और पुलिस लाइन के 4 जवान तैनात रहेंगे। यहां तीन-तीन के दल में जवान ड्यूटी करेंगे। ऑटो-ई-रिक्शा को निर्धारित मार्ग से ही आवागमन कराया जाएगा और सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग नहीं होने दी जाएगी। साईं मंदिर रोड पर भी वाहनों को खड़ा करने पर रोक रहेगी। चार पहिया वाहनों के लिए 7 पार्किंग स्थल तय
यातायात पुलिस ने चार पहिया वाहनों की पार्किंग के लिए प्रकाश चौराहा, साईं मंदिर पार्किंग, अग्रसेन चौक, पुराने कोर्ट के सामने, शिल्पी प्लाजा के पीछे, गंगा कछार पार्किंग और स्वागत भवन को निर्धारित किया है। लोगों से अपील की कि रक्षाबंधन के दौरान वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। यातायात पुलिस की इस व्यवस्था का उद्देश्य त्योहार के दौरान बाजार क्षेत्रों में बढ़ने वाली भीड़ के बीच यातायात को सुचारु रखना और जाम की स्थिति से बचना है।