समाचार · मध्य प्रदेश
शाजापुर में NCC की भर्ती में पक्षपात का आरोप:फिट को नहीं किया सिलेक्ट, NSUI ने प्रिंसिपल को सौंपा ज्ञापन
शाजापुर के पंडित बालकृष्ण शर्मा नगर महाविद्यालय में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे एनएसयूआई के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने एनसीसी भर्ती प्रक्रिया में पक्ओंषपात का आरोप लगाते हुए प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 24 अगस्त को हुई एनसीसी भर्ती में शारीरिक दक्षता के मापदंडों का पालन किए बिना कुछ विद्यार्थियों के चयन का आरोप लगाया गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि महाविद्यालय में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी एनसीसी की भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई थी। आरोप है कि कुछ छात्र-छात्राओं को शारीरिक दक्षता परीक्षा के उचित मापदंडों के बिना ही मेरिट सूची में शामिल कर लिया गया, जबकि शारीरिक रूप से दक्ष कई विद्यार्थियों को चयन से बाहर कर दिया गया। एनएसयूआई ने लगाए आरोप एनएसयूआई कॉलेज अध्यक्ष रोहित चान्ना ने बताया कि कई ऐसे विद्यार्थियों का एनसीसी में चयन हुआ है, जिनकी शारीरिक क्षमता पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ छात्राओं ने शारीरिक दक्षता परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और वे राष्ट्रीय स्तर की धावक भी हैं, फिर भी उनका नाम मेरिट सूची में नहीं है, जो संदेह पैदा करता है। एनएसयूआई ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि भर्ती प्रक्रिया में पक्षपात पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। चान्ना ने जोर देकर कहा कि विद्यार्थियों के हित में चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होनी चाहिए।