Thursday, 27 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

भोपाल में लापता महिला की लाश मिली:चेहरे पर चोट के निशान, हत्या की आशंका, शव के पास खून से सने पत्थर मिले

INT News27 August 2026 at 01:57 pm

भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र के गोरेगांव में गुरुवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब तीन दिन से लापता महिला का शव उसके घर के पास ही झाड़ियों में मिला। महिला के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। शव के पास खून से सने पत्थर भी बरामद हुए हैं। ऐसे में पुलिस हत्या की आशंका से भी जांच कर रही है। हालांकि महिला की मौत कैसे हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। रातीबड़ पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 30 वर्षीय राखी पत्नी मोनू के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बीना की रहने वाली थी। करीब पांच महीने पहले वह पति के साथ भोपाल के गोरेगांव में रहने आई थी। दोनों यहां किराए के कमरे में रह रहे थे। राखी का पति पेंटिंग ठेकेदारी का काम करता है। 23 अगस्त को अचानक लापता हुई थी पुलिस के मुताबिक राखी करीब 10 दिन पहले ही बीना स्थित अपने मायके से भोपाल लौटी थी। 23 अगस्त को वह घर से बिना बताए कहीं चली गई। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने 24 अगस्त को रातीबड़ थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस महिला की तलाश कर रही थी। गुरुवार दोपहर उसके घर के आसपास झाड़ियों में एक महिला का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान राखी के रूप में की। शुरुआती जांच में उसके चेहरे के एक तरफ गंभीर चोट के निशान मिले हैं। शव के करीब खून से सने पत्थर भी मिले हैं, जिसके चलते मामला संदिग्ध माना जा रहा है। हत्या समेत कई एंगल पर जांच रातीबड़ थाना प्रभारी रासबिहारी शर्मा ने बताया कि फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच का विषय है। चोट के निशान और शव के पास मिले खून से सने पत्थरों को देखते हुए हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल की मोर्चरी भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद पुलिस की जांच आगे बढ़ेगी। पुलिस महिला के पति और परिजनों से भी पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि 23 अगस्त को घर से निकलने के बाद राखी कहां गई थी और किन लोगों के संपर्क में थी।