समाचार · मध्य प्रदेश
टीकमगढ़: बिजली लाइन पर पेड़ गिरा, कर्मचारी बाल-बाल बचे:मेंटेनेंस के दौरान खंभा टूटा; दो कॉलोनी में बिजली ठप
टीकमगढ़ में गुरुवार को मेंटेनेंस कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। बरीघाट फीडर पर पंकज पेट्रोल पंप के पास बिजली लाइन पर पेड़ गिरने से एक खंभा टूट गया। इस घटना में मेंटेनेंस में लगे बिजली कर्मचारी बाल-बाल बच गए। पेड़ गिरने से लाइन उसके नीचे दब गई, जिससे मुक्तिधाम रोड और इरीगेशन कॉलोनी सहित दो कॉलोनियों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लगातार बारिश के कारण सुधार कार्य में देरी हो रही है, जिससे विद्युत कंपनी के सामने आपूर्ति सुचारू बनाए रखने की चुनौती खड़ी हो गई है। तेज बारिश और हवा के कारण जिले के कई अन्य स्थानों पर भी पेड़ों की डालियां और बेलें विद्युत लाइनों के संपर्क में आ रही हैं, जिससे स्थानीय तकनीकी फॉल्ट उत्पन्न हो रहे हैं। शिकायतें मिलते ही विभाग की टीमें संबंधित क्षेत्रों में लाइन की पेट्रोलिंग कर फॉल्ट चिन्हित कर रही हैं और सुधार कार्य कर आपूर्ति सामान्य कर रही हैं। शहर सहायक अभियंता नितिन बाथम ने जानकारी दी कि शहर की विद्युत व्यवस्था के लिए चार टीमें लगातार 24 घंटे कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि मौसम की स्थिति को देखते हुए अधिकारी भी फील्ड में रहकर विद्युत व्यवस्था और शिकायतों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। बाथम के अनुसार, विभाग का प्रयास है कि किसी भी तकनीकी खराबी के कारण आपूर्ति प्रभावित होने पर न्यूनतम समय में सुधार कर सप्लाई बहाल की जाए। उन्होंने यह भी बताया कि प्रतिकूल मौसम और लगातार बारिश के बावजूद विद्युत कर्मचारी आवश्यक सुरक्षा सावधानियों के साथ फील्ड में कार्य कर रहे हैं। उपभोक्ताओं से सहयोग की अपेक्षा की गई है। किसी भी प्रकार की बिजली बंद होने, लाइन में फॉल्ट, तार टूटने या अन्य विद्युत उपकरण संबंधी शिकायत के लिए उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1912 अथवा 9425663505 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश, जलभराव के दौरान टूटे या नीचे पड़े विद्युत तार, विद्युत पोल और उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। स्वयं लाइन, विद्युत उपकरण को छूने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना दें।