समाचार · हरियाणा
सोलर प्लांट से केबल चोरी केस में आरोपी गिरफ्तार:हिसार में 15 हजार का चुराया था सामान; बरामदगी के प्रयास
हिसार जिले के अग्रोहा के खेतों में लगे सोलर प्लांटों से केबल चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए हिसार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अग्रोहा पुलिस ने सोलर प्लांट से केबल चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप कुमार निवासी मीरपुर के रूप में हुई है। थाना अग्रोहा पुलिस के अनुसार, श्यामसुख निवासी हरविन्द्र सिंह पुत्र जगदेव सिंह ने शिकायत दी थी कि उसके खेत में लगे सोलर प्लांट से करीब 48 फीट केबल, कनेक्टिंग वायर तथा मोटर की 3-फेज केबल अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपए बताई गई थी। शिकायत के आधार पर थाना अग्रोहा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपी से पुलिस की पूछताछ जारी मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र कुमार द्वारा की गई। पुलिस टीम ने जांच के दौरान आरोपी प्रदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा चोरी की संपत्ति की बरामदगी सहित वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस को पूछताछ के दौरान चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई होगी- एसपी एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि जिले में चोरी, लूट, नशा तस्करी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि खेतों, ट्यूबवेलों और सोलर प्लांटों से चोरी की घटनाओं को पुलिस गंभीरता से ले रही है तथा ऐसे मामलों में आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।