Thursday, 27 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

MP-अमृतपाल की माता ने सुखबीर सिंह बादल को दिया जवाब:बोलीं- 25 साल पंथक बनकर सत्ता में रहे, पंजाब के लिए क्या किया जनता जानती है

INT News27 August 2026 at 01:56 pm

पंजाब के खडूर साहिब सीट से निर्दलीय सांसद अमृतपाल सिंह की माता बलविंदर कौर ने शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल की ओर से की गई टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जो लोग 25 साल तक पंथक बनकर सत्ता में रहे, उन्होंने पंजाब के लिए क्या किया, यह जनता अच्छी तरह जानती है। बलविंदर कौर ने गुरु ग्रंथ साहिब के 328 लापता स्वरूपों का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि जिन लोगों के कार्यकाल में यह मामला सामने आया, वे किस आधार पर खुद को पंथक कहते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब नेताओं को अच्छी तरह पहचान चुकी है। अमृतपाल को लेकर नशे पर की गई टिप्पणियों के जवाब में बलविंदर कौर ने कहा कि इसका फैसला संगत करेगी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का नशा छुड़वाया गया है, उन्हें सामने लाकर इस मुद्दे पर जवाब दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जनता ने 2022 में भी जवाब दिया था और 2027 में भी जनता ही जवाब देगी। बलविंदर कौर ने कहा कि मौजूदा सरकारें बौखलाई हुई हैं, क्योंकि लोग उनसे परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 25 से 30 वर्षों में पंजाब को पीछे धकेला गया। उन्होंने कहा कि अगर कोई पंजाब को बचाने और उसके लिए आगे आने की कोशिश कर रहा है, तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जा रहा। पुराने जीवन से न करें आकलन अमृतपाल सिंह के जीवन में आए बदलाव का जिक्र करते हुए बलविंदर कौर ने कहा कि सच्चे गुरु की कृपा से किसी भी व्यक्ति के जीवन में कभी भी बदलाव आ सकता है। उन्होंने कहा कि आज कोई मोना है तो कल वह सरदार बन सकता है। इसलिए किसी व्यक्ति के पुराने जीवन को आधार बनाकर उसके वर्तमान को नहीं आंकना चाहिए। आने वाली राजनीतिक कॉन्फ्रेंस को लेकर बलविंदर कौर ने कहा कि सभी पार्टियां अपने-अपने कार्यक्रम कर रही हैं। उन्हें उम्मीद है कि उनकी कॉन्फ्रेंस में संगत का भरपूर सहयोग मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि पार्टी इस समय चढ़दी कला में है और संगत का लगातार अच्छा समर्थन मिल रहा है। बलविंदर कौर ने कहा कि पंजाब की जनता सब कुछ देख रही है और आने वाले समय में जनता ही राजनीतिक नेताओं को उनके काम का जवाब देगी।