समाचार · झारखंड
राखी को लेकर बाजार तैयार, बहनों के लिए खरीददारी में जुटे भाई....

चांडिल: भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास के पावन पर्व रक्षाबंधन को लेकर चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के बाजारों में जबरदस्त रौनक बढ़ गई है. प्रमुख बाजारों में सजी रंग-बिरंगी राखी की दुकानों ने पूरे इलाके को उत्सवी माहौल में रंग दिया है. चांडिल बाजार, डैम रोड, स्टेशन चौक, चौका, ईचागढ़, टीकर, मिलनचोक और रघुनाथपुर समेत आसपास के सभी बाजार पूरी तरह गुलजार नजर आ रहे हैं.
रंग-बिरंगी राखियों और फैंसी डिजाइनों से सजी दुकानें
बाजार में इस बार बच्चों, युवाओं और महिलाओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए अनूठे कलेक्शंस उपलब्ध हैं. आकर्षक डिजाइन, कार्टून करैक्टर, मोती, रुद्राक्ष, चंदन और फैंसी राखियों की मांग बाजार में सबसे अधिक देखी जा रही है. दुकानदारों के मुताबिक, ग्राहकों के बजट को ध्यान में रखते हुए बाजार में 5 रुपये से लेकर 200 रुपये तक की रेंज में राखियां उपलब्ध हैं. शुक्रवार को मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर पिछले कुछ दिनों से दुकानों पर बहनों की भारी भीड़ उमड़ रही है.
उपहारों की खरीदारी में जुटे भाई
रक्षाबंधन के इस खास मौके पर बहनें जहां भाइयों की पसंद की राखी चुन रही हैं, वहीं भाई भी अपनी बहनों को सरप्राइज देने के लिए नए कपड़े, कॉस्मेटिक उत्पाद, मिठाइयां और अन्य पसंदीदा उपहारों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं. पर्व के मद्देनजर दूर-दराज में रहने वाले भाई-बहनों के भी अपने घरों तक पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है, जिससे परिवारों में अपार उत्साह का माहौल है.
मिठाई और गिफ्ट सेंटरों में भी भारी उमंग
राखी के इस पावन पर्व को लेकर क्षेत्र की मिठाई दुकानों और गिफ्ट सेंटरों में भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. विशेष मिठाइयों के ऑर्डर और स्टॉक तैयार किये गये हैं. बाजारों में बढ़ी इस चहल-पहल और ग्राहकी से स्थानीय व्यापारियों और कारोबारियों में भारी उत्साह है और उन्हें इस सीजन में अच्छे कारोबार की उम्मीद है. पूरे अनुमंडल क्षेत्र में चारों ओर उल्लास का वातावरण बना हुआ है.