Friday, 30 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

फरीदकोट में बेटी के ससुराल आए पिता की पीट-पीटकर हत्या:5 नामजद समेत 12 लोगों पर केस दर्ज, बच्चे को साथ ले जाने को हुआ झगड़ा

INT News30 October 2026 at 05:37 pm

मुक्तसर जिले के गांव दोदा से फरीदकोट के गांव रामेआणा में अपनी बेटी के ससुराल आए एक व्यक्ति की मारपीट के दौरान मौत हो गई। मृतक अपनी बेटी के बेटे को लेने के लिए वहां पहुंचा था। पुलिस ने इस मामले में दामाद प्रकाश सिंह समेत 5 नामजद और 6-7 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में गांव दोदा निवासी पप्पू सिंह ने बताया कि उसकी बहन जसप्रीत कौर ने करीब 6 साल पहले गांव रामेआणा निवासी प्रकाश सिंह के साथ प्रेम विवाह किया था। 27 अक्टूबर 2026 को जसप्रीत कौर ने फोन कर बताया कि उसके पति प्रकाश सिंह और जेठ जगजीत सिंह ने उसके साथ मारपीट की है और उसे जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। गाली-गलौज के बाद किया हमला इसके बाद पप्पू सिंह अपने पिता किरपाल सिंह और दोस्त रछपाल सिंह के साथ गांव रामेआणा पहुंचा और अपनी बहन व उसकी बेटी को गांव दोदा ले आया। शिकायत के मुताबिक, 28 अक्टूबर की शाम पप्पू सिंह अपने पिता के साथ बहन के बेटे सहज नूर को लेने दोबारा गांव रामेआणा पहुंचा। बच्चे को साथ भेजने की बात करने पर प्रकाश सिंह ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसने अपने पारिवारिक सदस्यों और अन्य साथियों के साथ मिलकर पप्पू सिंह और उसके पिता किरपाल सिंह पर हमला किया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल किरपाल सिंह को सिविल अस्पताल कोटकपूरा में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। 5 नामजद और 6-7 अन्य पर केस डीएसपी जैतो इकबाल सिंह ने बताया कि घटना वाले दिन दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया था। जिसके बाद परिवार के बाकी सदस्य तो मौके से भाग गए लेकिन बुजुर्ग होने की वजह से किरपाल सिंह भाग नहीं सका तो आरोपियों ने उसे बांध लिया और उसकी बुरी तरह पिटाई की घायल अवस्था में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। डीएसपी के अनुसार पुलिस ने थाना जैतो में प्रकाश सिंह, उसके भाई जगजीत सिंह, मां छिंदर कौर, भाभी कुलदीप कौर, सुखपाल उर्फ पाला सिंह और 6-7 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।