Friday, 30 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

गन्ने के भाव को लेकर कांग्रेस ने सरकार को घेरा:करनाल में राव नरेंद्र सिंह बोले- ₹20 ऊंट के मुंह में जीरा, ज्यादा बढ़ोतरी करनी चाहिए

INT News30 October 2026 at 05:37 pm

हरियाणा में गन्ने के भाव में 20 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी कर 450 रुपए करने की घोषणा के बाद कांग्रेस ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने इसे किसानों की उम्मीदों के मुकाबले कम बढ़ोतरी बताया। वहीं, दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की रैली को लेकर भी कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में पार्टी नेताओं ने करनाल में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रैली में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई। गन्ने के भाव पर सरकार को घेरा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने गन्ने के भाव में बढ़ोतरी पर कहा कि यह ऊंट के मुंह में जीरे जैसी बात है। सरकार खुद को किसान हितैषी मानती है तो उसे गन्ने के दाम में इससे ज्यादा बढ़ोतरी करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण किसानों की फसल को नुकसान हुआ है। इसके अलावा किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) भी नहीं मिल रहा। सरकार को किसानों के नुकसान की भरपाई करनी चाहिए। रैली में हरियाणा से एक लाख लोग पहुंचाने का लक्ष्य दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की ओर से वोट बचाओ, देश बचाओ रैली आयोजित की जाएगी। इसे सफल बनाने के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और पार्टी प्रभारी संजय दत्त करनाल की जाट धर्मशाला पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि महारैली में लाखों लोग शामिल होंगे। हरियाणा से एक लाख लोगों को ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी इस लक्ष्य को जरूर पूरा करेगी। राहुल गांधी उठा रहे युवाओं और किसानों की आवाज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के युवाओं को भड़काने वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि राहुल गांधी युवाओं की आवाज उठा रहे हैं। पेपर लीक और युवाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष हैं और सरकार कोई काम नहीं करती तो सवाल उठाना उनका धर्म है। आज वे किसान, गरीब और मजदूरों की आवाज बुलंद कर रहे हैं।