Friday, 30 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

धागे से भरे दो कंटेनरों में बजरी-कंकड़ मिले:हिसार में ₹1.42 करोड़ के माल में हेराफेरी; यूपी से 10.8 टन धागा बरामद, आरोपी अरेस्ट

INT News30 October 2026 at 05:52 pm

हिसार में DCM टेक्सटाइल्स से करीब 1.42 करोड़ रुपए का धागा गबन करने के मामले में हिसार पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बिजनौर से 10 हजार 857 किलोग्राम धागा बरामद किया है। सीआईए हिसार ने इस मामले में बिजनौर जिले के नहटौर निवासी कलीम अहमद को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर उसके गोदाम से 215 कट्टों में रखा धागा बरामद हुआ। आरोपियों ने विदेश भेजे जाने वाले धागे से भरे दो कंटेनरों को रास्ते में खाली कर उनमें बजरी-कंकड़ भर दिए थे। खास बात यह है कि दोनों कंटेनरों पर कस्टम विभाग की सील लगी हुई थी और बाद में जांच के दौरान भी सील टूटी हुई नहीं मिली। पुलिस के अनुसार, DCM टेक्सटाइल्स का फ्यूचुरो (FUTURO) ब्रांड का धागा चीन और बांग्लादेश भेजा जाना था। 13 अगस्त 2026 को 23 हजार 668 किलाे 92 ग्राम धागा चीन भेजने के लिए कंटेनर में लोड किया गया था। इसकी कीमत करीब 71.24 लाख रुपए थी। कंटेनर पर कस्टम विभाग की आरएफआईडी और ई-सील लगाकर गुरुग्राम के आईसीडी गढ़ी हरसरू के लिए रवाना किया गया। बाद में कंटेनर की जांच हुई तो उसमें धागे की जगह बजरी-कंकड़ मिले। दूसरे कंटेनर में भी मिली बजरी-कंकड़ इसी तरह 19 अगस्त को बांग्लादेश भेजने के लिए 23 हजार 668 किलो 92 ग्राम धागे के 473 कार्टन दूसरे कंटेनर में लोड किए गए थे। इसकी कीमत करीब 71.01 लाख रुपए थी। बांग्लादेशी ग्राहक ने ईमेल के जरिए कंपनी को सूचना दी कि कंटेनर में धागे की जगह बजरी-कंकड़ भरे हुए हैं। दोनों घटनाओं में कुल 1 करोड़ 42 लाख 25 हजार 518 रुपए के धागे का गबन हुआ। एसआईटी ने शुरू की जांच, 29 अक्टूबर को हुई बरामदगी मामले की जांच के लिए 16 सितंबर को डीएसपी क्राइम कमलजीत की अध्यक्षता में एसआईटी गठित की गई थी। दस्तावेजों और परिवहन रिकॉर्ड की जांच के बाद पुलिस ने 28 अक्टूबर को कलीम अहमद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने नहटौर स्थित अपने गोदाम में धागा रखे होने की बात बताई। 29 अक्टूबर को पुलिस टीम ने उसकी निशानदेही पर 10 हजार 857 किलो धागा बरामद कर लिया। पुलिस अब कंटेनर ड्राइवर समेत अन्य आरोपियों की भूमिका और बाकी माल की बरामदगी के लिए जांच कर रही है।