समाचार · हरियाणा
पुलिस अधिकारी बन किसान को किया डिजिटल अरेस्ट:6 लाख ठगे, आपत्तिजनक मैसेज भेजने के मामले में गिरफ्तारी का डर दिखाया
यमुनानगर के रादौर क्षेत्र के एक किसान को साइबर ठगों ने पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर करीब 20 दिन तक अपने जाल में फंसाए रखा। आरोपियों ने खुद को दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताकर किसान पर उसके मोबाइल नंबर से लड़के-लड़कियों को आपत्तिजनक संदेश भेजने का आरोप लगाया। गिरफ्तारी और एफआईआर का भय दिखाकर उसे इस कदर दबाव में रखा कि वह आरोपियों के कहे अनुसार अपनी जमा पूंजी तक उनके हवाले करता रहा। ठगों ने किसान के सोने के आभूषणों पर पांच लाख रुपये का लोन करवाया और बैंक खाते में जमा एक लाख रुपये भी अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। इस तरह आरोपियों ने कुल छह लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगी का अहसास होने पर किसान ने पुलिस को इसकी शिकायत की, जिस पर साइबर थाना पुलिस ने शातिरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अलग-अलग नंबरों से आई वीडियो कॉल किसान की शिकायत के मुताबिक, ठगी का सिलसिला 25 सितंबर को शुरू हुआ था। उसके मोबाइल पर अलग-अलग नंबरों से वीडियो कॉल आने लगीं। कॉल करने वाले व्यक्तियों ने खुद को दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताया और कहा कि उसके मोबाइल नंबर का इस्तेमाल लड़के-लड़कियों को आपत्तिजनक मैसेज भेजने के लिए किया गया है। आरोपियों ने मामले में एफआईआर दर्ज होने और पुलिस गिरफ्त में आने की बात कहकर उसे डराना शुरू कर दिया। इसके बाद ठगों ने किसान को वीडियो कॉल के जरिए लगातार अपने संपर्क में रखा। जांच का हवाला देकर उसे किसी अन्य से बात नहीं करने और उनके निर्देशों के मुताबिक काम करने के लिए मजबूर किया। इसी दौरान आरोपियों ने उससे सोने के गहने गिरवी रखवाकर उन पर पांच लाख रुपये का लोन भी करवा लिया। इसके अलावा किसान के बैंक खाते में पहले से जमा एक लाख रुपये भी ट्रांसफर करवा लिए। आरोपियों से संपर्क न होने पर हुआ ठगी का अहसास आरोपियों ने किसान को भरोसा दिया था कि जांच पूरी होने और मामला खत्म होने के एक-दो दिन बाद उसकी पूरी रकम वापस कर दी जाएगी। किसान उनकी बातों में आ गया, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी न तो रकम वापस मिली और न ही आरोपियों से संपर्क हो पाया। इसके बाद उसे ठगी का अहसास हुआ। किसान के बच्चे विदेश में रहते हैं। उसने मामले की शिकायत पुलिस को दी। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।