Friday, 30 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

Watch Video: रंगदारी की मांग के बाद होटल पर बरसाईं गोलियां, हजारीबाग में राहुल दुबे गैंग की दहशत

INT News30 October 2026 at 05:38 pm

हजारीबाग: हजारीबाग के मटवारी मुहल्ला स्थित एके इंटरनेशनल होटल में राहुल दुबे गैंग के गुर्गों ने चार राउंड फायरिंग कर क्षेत्र में दहशत फैला दी. पूर्व में राहुल दुबे गैंग ने कोयलांचल क्षेत्र में अपना वर्चस्व कायम किया है. अब शहर के बड़े होटल एके इंटरनेशनल में फायरिंग कर पुलिस को चुनौती दी है. यह घटना 29 अक्टूबर की देर रात 10:20 बजे की है. तीन अपराधियों ने चारपहिया वाहन से उतरकर होटल के मुख्य गेट के सामने ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग की, जिससे होटल में लगे शीशे चकनाचूर हो गये. फायरिंग के बाद अपराधी फरार हो गये.

अपराधियों की फायरिंग की पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है. फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन के आलाधिकारी हरकत में आ गये. हजारीबाग एसपी अमन कुमार घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने तत्काल शहर से बाहर निकलने वाले सभी मार्गों पर वाहनों की चेकिंग शुरू करने का निर्देश दिया. होटल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू की गयी. सीसीटीवी में तीन अपराधियों की फायरिंग करते हुए तस्वीर कैद हुई है. घटनास्थल से राहुल दुबे के नाम की एक पर्ची मिली है. इस फायरिंग की घटना से व्यवसायियों में दहशत का माहौल है.

राहुल दुबे सहित चार अपराधियों पर प्राथमिकी दर्ज

एके इंटरनेशनल होटल में फायरिंग मामले को लेकर कोर्रा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, संगठित अपराध के सरगना राहुल दुबे और तीन अज्ञात अपराधियों को आरोपी बनाया गया है.

रंगदारी के लिए होटल में राहुल दुबे गैंग ने की फायरिंग

हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने कहा कि राहुल दुबे गैंग के अपराधियों ने एके इंटरनेशनल होटल पर रंगदारी के लिए फायरिंग की है. एसपी ने कहा कि होटल संचालक के मोबाइल पर पूर्व में अज्ञात नंबर से फोन आया था, जिसमें रंगदारी की मांग की गयी थी. उन्होंने कहा कि घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जायेगा. सीसीटीवी में कैद तस्वीरों की पहचान की जा रही है.

राहुल दुबे गैंग ने कई घटनाओं को दिया है अंजाम

राहुल दुबे गैंग ने कोयलांचल क्षेत्रों में फायरिंग और वाहनों में आगजनी की घटनाओं को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैलाने का काम किया है. इसमें 31 दिसंबर 2025 को उरीमारी में फायरिंग, 24 जुलाई 2026 को केरेडारी चंद्रगुप्त कोल परियोजना के बुकरू में राहुल दुबे गैंग और पुलिस के बीच मुठभेड़ तथा 27 अक्टूबर को उरीमारी ओपी क्षेत्र के नई बरसा कोल साइडिंग में तैनात सुरक्षा गार्ड पर राहुल दुबे गैंग के गुर्गों द्वारा फायरिंग की घटना शामिल है. छह जुलाई को गिद्दी सीओ पोस्ट में फायरिंग, 22 अगस्त को गिद्दी कोल खनन ट्रांसपोर्टिंग रोड में फायरिंग और 22 अप्रैल को बड़कागांव 13 माइल के पास हाइवा ट्रक पर पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले करने की घटना को भी गैंग ने अंजाम दिया था. राहुल दुबे गैंग पर हजारीबाग, रामगढ़, रांची समेत कई जिलों में दर्जनों मामले दर्ज हैं.