Friday, 30 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

IND vs NZ 4th T20I: न्यूजीलैंड से भारत को मिली रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार, गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में रहा खराब प्रदर्शन

INT News30 October 2026 at 05:39 pm

IND vs NZ 4th T20I: न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में शुरुआती तीन मुकाबले जीतकर टीम इंडिया ने सीरीज अपने नाम कर ली थी. लेकिन चौथे टी20 में भारतीय टीम का प्रदर्शन पूरी तरह पटरी से उतर गया. न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 259 रन बनाए और इसके जवाब में भारत 20 ओवर में 9 विकेट पर 172 रन ही बना सका. इस तरह कीवी टीम ने मुकाबला 87 रन से अपने नाम किया. भारत की इस हार के पीछे सिर्फ एक वजह नहीं रही. बल्लेबाजी में शुरुआती झटकों से लेकर गेंदबाजी में महंगे स्पेल तक, कई मोर्चों पर टीम इंडिया उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी.

संजू सैमसन ने शुरुआत में ही बढ़ा दी मुश्किल

भारतीय टीम को 260 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए तेज शुरुआत की जरूरत थी. ऐसे में संजू सैमसन से काफी उम्मीदें थीं. लेकिन वह पारी की दूसरी ही गेंद पर जैकब डफी का शिकार बन गए. संजू के बल्ले से सिर्फ 4 रन निकले.

इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए पावरप्ले में विकेट गंवाना भारत के लिए भारी पड़ा. टीम अभी संभल भी नहीं पाई थी कि एक और बड़ा झटका लग गया.

ईशान किशन का खाता भी नहीं खुला

संजू के बाद ईशान किशन भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके. ईशान ने सिर्फ 3 गेंदों का सामना किया और बिना खाता खोले आउट हो गए. जैकब डफी ने उन्हें भी अपना शिकार बनाया.

दो शुरुआती विकेटों ने भारत के रन चेज की लय बिगाड़ दी. न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को शुरुआत में ही दबाव बनाने का मौका मिल गया और भारतीय बल्लेबाजों के लिए लक्ष्य लगातार मुश्किल होता चला गया.

ये भी पढ़ें: ICC T20I Rankings: अभिषेक शर्मा बने टी-20 के नंबर-1 बल्लेबाज, ईशान किशन तीसरे पर खिसके, देखें पूरी लिस्ट

कप्तान श्रेयस अय्यर की पारी रही अधूरी

कप्तान श्रेयस अय्यर ने शुरुआत में कुछ अच्छे शॉट लगाए. उन्होंने 11 गेंदों में 22 रन बनाए, जिसमें चार चौके शामिल थे. लेकिन टीम को जिस बड़ी पारी की जरूरत थी, वह नहीं आ सकी.

एडम मिल्ने की गेंद पर बोल्ड होने से पहले अय्यर ने कुछ उम्मीद जरूर जगाई, लेकिन उनकी छोटी पारी भारत की मुश्किलें कम करने के लिए काफी नहीं थी. शीर्ष क्रम के जल्दी बिखरने के बाद मध्यक्रम पर दबाव और बढ़ गया.

मयंक यादव समेत गेंदबाजों ने खूब रन लुटाए

भारत की हार की सबसे बड़ी वजहों में खराब गेंदबाजी भी रही. न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ खुलकर रन बनाए और 20 ओवर में 259 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया. मयंक यादव ने चार ओवर में 48 रन देकर 3 विकेट जरूर लिए, लेकिन उनका इकोनॉमी रेट 12 का रहा. विकेट मिलने के बावजूद वह रन रोकने में कामयाब नहीं रहे.

नितीश कुमार रेड्डी के लिए तो मुकाबला और भी महंगा रहा. उन्होंने चार ओवर में 64 रन खर्च किए और सिर्फ एक विकेट लिया. उनका इकोनॉमी रेट 16 का रहा. प्रिंस यादव ने भी चार ओवर में 49 रन दिए और एक विकेट हासिल किया. वहीं अक्षर पटेल ने तीन ओवर में 43 रन खर्च किए. नमन धीर ने भी अपने एक ओवर में 16 रन दे दिए.

260 रन के लक्ष्य के दबाव में बल्लेबाजी भी ढही

260 रन का लक्ष्य आसान नहीं था, लेकिन भारत को कम से कम एक मजबूत साझेदारी की जरूरत थी. शुरुआती विकेट गिरने के बाद वह साझेदारी नहीं बन सकी. तिलक वर्मा ने 35 रन, नमन धीर ने 28 रन और अभिषेक शर्मा ने 27 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन न्यूजीलैंड के विशाल स्कोर की बराबरी करने के लिए यह प्रयास पर्याप्त नहीं था.

भारत की पारी में लगातार विकेट गिरते रहे और रन रेट का दबाव भी बढ़ता गया. आखिरकार टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 172 रन ही बना सकी.

ये भी पढ़ें: IND vs NZ 4th T20I: न्यूजीलैंड से 87 रनों से हारा भारत, पहली बार ऑकलैंड में गंवाया मुकाबला