Friday, 30 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:AAP उम्मीदवारों की पहली लिस्ट कल, नशा करते पकड़ा ASI, मोबाइल न देने पर छात्रा ने घर छोड़ा

INT News30 October 2026 at 05:55 pm

नमस्कार, पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़ी रही। कल AAP के उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी होगी। इसमें 20 नाम हो सकते हैं। इसका ऐलान सीएम भगवंत मान ने किया। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. AAP उम्मीदवारों की पहली लिस्ट कल आएगी पंजाब चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवारों की पहली लिस्ट कल 12 बजे जारी होगी। इसकी जानकारी CM भगवंत मान ने दिल्ली में पत्रकारों को दी। AAP ने उम्मीदवारों के नामों पर मंथन के लिए दिल्ली में मीटिंग रखी थी। जिसमें अरविंद केजरीवाल और सीएम मान भी शामिल हुए। AAP के सोर्सेज के मुताबिक कल फिर दिल्ली में मीटिंग होगी, जिसके बाद लिस्ट सार्वजनिक कर दी जाएगी। लिस्ट में 20 नाम शामिल हो सकते हैं। माना जा रहा है कि AAP पंजाब में चुनाव आचार संहिता लगने से पहले यानी सरकार के रहते ही उम्मीदवारों का ऐलान करना चाहती है ताकि चुनाव की घोषणा होने तक वह अपने हलकों में कामकाज करवा सकें। इसके अलावा AAP अपने उम्मीदवारों को ग्राउंड पर वर्किंग के लिए भी पूरा टाइम देना चाहती है। (पढ़ें पूरी खबर) 2. पटाखा गोदाम में लगी आग, एक की मौत लुधियाना में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता गोल्डी सब्बरवाल के पटाखा गोदाम में शुक्रवार को आग लग गई। इससे गोदाम में धमाके हुए। इस दौरान गोदाम की एक दीवार गिर गई, जिसके नीचे AAP नेता के चाचा का बेटा दब गया। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक दूसरी मंजिल पर आग लगी है। यहां किचन के साथ कमरा बना हुआ था। जहां पर पटाखे का स्टॉक रखा हुआ था। आग लगने के बाद युवक गोदाम के अंदर ही एक किनारे पर खड़ा हो गया। लेकिन अचानक उसकी दीवार गिर गई। मृतक की पहचान साहिल सब्बरवाल (27) के रूप में हुई है। हादसे का पता चलते ही पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि रेजिडेंशियल इलाके में अवैध रूप से पटाखे स्टोर किए गए थे। (पढ़ें पूरी खबर) 3. ASI नशा करते पकड़ा, लोगों ने घेरा मानसा के बुढलाडा में लोगों ने पंजाब पुलिस के ASI सहजप्रीत को चिट्टा (हेरोइन) पीते हुए पकड़ लिया। लोगों ने पुलिसकर्मी को बीच बाजार घेर लिया। इस दौरान ASI ने कहा कि वो अभी ट्रेनिंग पर है। घटना के बाद लोगों ने धरना-प्रदर्शन कर सख्त कार्रवाई की मांग की। विरोध के बाद स्थानीय पुलिस ने एएसआई का डोप टेस्ट कराया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद थाना बुढलाडा में उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। SP नरेंद्र सिंह ने बताया कि सहजप्रीत जहान खेलां में ट्रेनिंग कर रहा था। ड्यूटी बुढलाडा में लगाई गई थी। इसी दौरान लोगों ने सहजप्रीत को नशा करते हुए पकड़ लिया। (पढ़ें पूरी खबर) 4. हवारा के पिता का अश्लील VIDEO वायरल पंजाब के पूर्व CM बेअंत सिंह की हत्या के दोषी जगतार सिंह हवारा के पिता और कौमी इंसाफ मोर्चे के संरक्षक गुरचरण सिंह का AI से अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। गुरचरण सिंह ने इसे उनकी छवि और चरित्र खराब करने की साजिश बताया है। उन्होंने मोहाली साइबर पुलिस को शिकायत देकर वीडियो बनाने और प्रसारित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में पुलिस से वीडियो हटाने की भी मांग की गई है। (पढ़ें पूरी खबर) 5. बेटे के सामने पिता की कस्सी मारकर हत्या गुरदासपुर में खेत में किसान की कस्सी मारकर हत्या कर दी गई। गुरुवार देर रात खेत में हुई कहासुनी के बाद हमलावरों ने किसान पर हमला कर दिया। हमलावरों ने किसान की छाती पर कई वार किए। वारदात के समय मृतक का बेटा भी मौके पर मौजूद था। उसने आरोप लगाया कि हमले के दौरान हमलावर हरबंस सिंह की पत्नी मनजीत कौर ने ही अपने पति को कस्सी थमाई थी और मारने को कहा था। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय किसान की मौत हो गई। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। दोनों परिवारों के बीच खेतों के बीच बनी पगडंडी और बाउंड्री वॉल को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। (पढ़ें पूरी खबर) 6. झोटा के परिवार को CRPF सिक्योरिटी मिली मानसा के नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर झोटा के परिवार को सरकार ने सीआरपीएफ सिक्योरिटी दे दी है। परिवार कई दिनों से धरने पर बैठा है और सुरक्षा को खतरा महसूस करते हुए केंद्र सरकार ने ये सिक्योरिटी दी है। शुक्रवार को टीम मानसा पहुंची। इस टीम में 10 जवान शामिल हैं। उधर, झोटा की हत्या को आज (30 अक्टूबर) 18 दिन हो चुके हैं। झोटा की डेडबॉडी मानसा के सिविल अस्पताल में रखी गई है। डेडबॉडी का अभी तक पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ है। CBI भी परिवार को PGI चंडीगढ़ में पोस्टमॉर्टम के लिए कह चुकी है, लेकिन अभी परिवार और झोटा को इंसाफ के लिए बनी एक्शन कमेटी राजी नहीं है। वह CM भगवंत मान और DGP गौरव यादव के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 7. नशा तस्कर का 70 साल पुराना घर तोड़ा जालंधर वेस्ट के बस्ती शेख स्थित मोहल्ला तेज मोहन नगर में नशा तस्कर के घर को तोड़ा गया। यह कार्रवाई पुलिस और नगर निगम ने की। पुलिस कमिश्नर भी कार्रवाई का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने कहा कि गगनदीप सिंह पर सात पर्चे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि उसकी कई प्रॉपर्टी चिह्नित की गई हैं। नशा बेचकर बनाई गई संपत्तियों पर कार्रवाई के आदेश हुए हैं। ये मकान 70 साल पुराना है। नशा तस्कर गगनदीप सिंह इस समय जेल में बंद है। यह घर उसके दादा ने बनवाया था। इसी घर में गगनदीप सिंह अपने परिवार के साथ रहता था। पुलिस ने अगस्त महीने में दूसरी बार नशा तस्करी के मामले में गगनदीप सिंह को गिरफ्तार किया था। उसके परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक छोटी बेटी है। (पढ़ें पूरी खबर) 8. महिला ने डॉ. अंबेडकर की मूर्ति का शीशा तोड़ा लुधियाना में जालंधर बाईपास चौक पर डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा का शीशा एक बार फिर तोड़ दिया गया। शुक्रवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक महिला पत्थर मारकर शीशा तोड़ते हुए दिखाई दी। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना की जानकारी फैलते ही स्थानीय लोगों में रोष फैल गया। 4 महीने पहले भी इस प्रतिमा को लेकर विवाद हो चुका है, जिसके बाद यहां CCTV कैमरे लगाए गए थे। तब लोगों ने कई शहरों में रोड जाम कर प्रदर्शन किए थे। (पढ़ें पूरी खबर) 9. दिलजीत के कॉन्सर्ट से पहले पुलिस कमिश्नर को नोटिस पंजाबी सिंगर एवं एक्टर दिलजीत दोसांझ के आज दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में होने वाले लाइव कॉन्सर्ट से पहले विवाद खड़ा हो गया। दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग (DCPCR) ने उनके गानों में शराब, नशीले पदार्थों और हथियारों के महिमामंडन की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए दिल्ली पुलिस कमिश्नर को नोटिस जारी किया है। आयोग ने शिकायत की कॉपी पुलिस को भेजकर नियमानुसार उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। याद रहे दिसंबर में दिलजीत का शो मोहाली में होने की संभावना है। यह शो या तो पीसीए स्टेडियम मुल्लांपुर या चंडीगढ़ में आयोजित किया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर) खबर जरा हटके… 10. मोबाइल न देने से नाराज छात्रा ने घर छोड़ा चंडीगढ़ में मोबाइल वापस लेने से बेटी इस कदर नाराज हुई कि घर छोड़कर चली गई। वह घर से बैग लेकर निकली और चंडीगढ़ बस स्टैंड से अमृतसर पहुंच गई। 11वीं में पढ़ने वाली बेटी से मां ने एग्जाम की वजह से मोबाइल वापस लिया था ताकि वह स्टडी पर फोकस कर सके। छात्रा के पिता मैकेनिकल इंजीनियर हैं। परिवार ने पुलिस को बताया तो सीसीटीवी फुटेज में वो अमृतसर में गोल्डन टेंपल एरिया में नजर आई। हालांकि अभी तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है। चंडीगढ़ पुलिस ने मां की शिकायत पर केस दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें अमृतसर में भी छात्रा को ढूंढ रही हैं। (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)