समाचार · मध्य प्रदेश
छतरपुर में गेहूं के गोदाम में मिला अजगर:बोरियों के बीच छिपा; रेस्क्यू टीम ने पकड़कर जंगल में छोड़ा
छतरपुर जिले के चंदला नगर में गुरुवार सुबह गल्ला व्यापारी के गोदाम में अजगर मिलने से हड़कंप मच गया। द्रोमढ़ धर्मशाला के पास स्थित गोदाम में पल्लेदार गेहूं की बोरियां हटा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर अजगर पर पड़ी। उसे देखते ही पल्लेदार बाहर निकल आए और वन विभाग को सूचना दी। गेहूं की बोरियों के बीच छिपा अजगर सूचना मिलने पर वन विभाग के डिप्टी रेंजर श्याम प्रसाद और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। तब तक अजगर गेहूं की बोरियों के बीच छिप गया था। इससे टीम को उसे तलाशने और पकड़ने में परेशानी हुई। चंदला नगर में मनोरिया वाले गुप्ता जी की गल्ले की आढ़त है। उनके गोदाम में गेहूं की करीब 150 से 200 बोरियां रखी हैं। आशंका है कि अजगर रात में गोदाम में आया होगा। गुरुवार सुबह व्यापारी और पल्लेदारों ने उसे एक कोने में बोरियों के पास देखा था। गोदाम में जाने से डर रहे व्यापारी और पल्लेदार रेस्क्यू टीम ने काफी देर तक अजगर को तलाशने की कोशिश की और इंतजार भी किया, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद टीम लौट गई। अजगर के गोदाम में ही छिपे होने की आशंका है। उसकी मौजूदगी के कारण व्यापारी और पल्लेदार गोदाम के अंदर जाने से डर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गेहूं की बोरियां हटाकर जांच किए बिना अजगर का पता लगाना मुश्किल हो सकता है।