sports · महाराष्ट्र
मुंबई इंडियंस ने तोड़ा लसिथ मलिंगा से रिश्ता, दो और कोचिंग स्टाफ की भी हुई छुट्टी

Mumbai Indians News: आईपीएल की सबसे चर्चित टीमों में शामिल मुंबई इंडियंस ने अगले सीजन से पहले अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव किया है. फ्रेंचाइजी ने लसिथ मलिंगा, पारस म्हाम्ब्रे और कार्ल हॉपकिन्सन से अलग होने का फैसला किया है. तीनों कोच अलग-अलग जिम्मेदारियों में टीम के साथ जुड़े हुए थे. मुंबई इंडियंस ने अपने बयान में तीनों के योगदान और सेवाओं के लिए उनका आभार जताया है.
फ्रेंचाइजी ने कहा कि लसिथ मलिंगा, पारस म्हाम्ब्रे और कार्ल हॉपकिन्सन अब पुरुष टीम के कोचिंग सेटअप का हिस्सा नहीं होंगे. मुंबई इंडियंस ने तीनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं.
मलिंगा का MI के साथ रहा लंबा सफर
लसिथ मलिंगा का मुंबई इंडियंस के साथ रिश्ता काफी पुराना रहा है. खिलाड़ी के तौर पर उन्होंने फ्रेंचाइजी के लिए करीब 11 साल तक सेवाएं दीं. इसके बाद उन्होंने कोचिंग स्टाफ का रुख किया और आईपीएल 2018 में टीम के बॉलिंग मेंटर की भूमिका संभाली.
आईपीएल 2024 से पहले मलिंगा को टीम का फास्ट-बॉलिंग कोच बनाया गया था. उन्होंने शेन बॉन्ड की जगह यह जिम्मेदारी संभाली थी. अब करीब तीन साल बाद फ्रेंचाइजी ने उनके साथ भी आगे नहीं बढ़ने का फैसला किया है.
2025 में जुड़े थे पारस म्हाम्ब्रे
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे आईपीएल 2025 सीजन से पहले मुंबई इंडियंस के कोचिंग सेटअप में शामिल हुए थे. उन्हें अतिरिक्त बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी दी गई थी. हालांकि, अब एक सीजन के बाद फ्रेंचाइजी ने उनसे अलग होने का फैसला किया है. वहीं, कार्ल हॉपकिन्सन 2024 में मुंबई इंडियंस के फील्डिंग कोच बने थे. वह भी अब टीम के साथ अपनी जिम्मेदारी छोड़ रहे हैं.
ये भी पढ़ें: ICC T20I Rankings: अभिषेक शर्मा बने टी-20 के नंबर-1 बल्लेबाज, ईशान किशन तीसरे पर खिसके, देखें पूरी लिस्ट
जयवर्धने की जगह पोलार्ड बने हेड कोच
मुंबई इंडियंस के कोचिंग स्टाफ में यह बदलाव उस फैसले के बाद आया है, जिसमें कायरन पोलार्ड को टीम का नया हेड कोच बनाया गया है. पोलार्ड इससे पहले टीम के बैटिंग कोच की भूमिका निभा रहे थे.
पोलार्ड ने महेला जयवर्धने की जगह ली है. जयवर्धने लंबे समय तक मुंबई इंडियंस के कोचिंग सेटअप का अहम हिस्सा रहे हैं. ऐसे में फ्रेंचाइजी का यह बदलाव आईपीएल 2027 से पहले टीम के कोचिंग ढांचे में बड़े रीसेट का संकेत माना जा रहा है.
अब नए कोचिंग स्टाफ की तलाश
मलिंगा, म्हाम्ब्रे और हॉपकिन्सन के जाने के बाद मुंबई इंडियंस को बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग कोच की भूमिकाओं के लिए नए चेहरों की तलाश करनी होगी. आईपीएल 2027 की तैयारी के बीच फ्रेंचाइजी जल्द ही इन पदों पर नई नियुक्तियां कर सकती है.
ये भी पढ़ें: SA vs AUS: 24 टेस्ट में 100 विकेट, ICC रैंकिंग में भी नंबर-1, मार्को यानसन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रचा इतिहास