समाचार · छत्तीसगढ़
बेमेतरा में पेयजल योजना का काम कराया:1.50 लाख रुपए का भुगतान नहीं मिला,मोटर-पंप लगाने और पाइप बिछाने के लिए ब्याज पर लिए थे पैसे
बेमेतरा जिले के नवागढ़ विकासखंड के ग्राम भोपसरा निवासी सोनू राम साहू ने ग्राम पंचायत गुंजेरा में पेयजल व्यवस्था से जुड़े काम के बदले करीब 1.50 लाख रुपए का भुगतान नहीं होने की शिकायत की है। उनका दावा है कि वर्ष 2020 से 2025 के बीच पंचायत में मोटर-पंप निकालने, लगाने और पाइप बिछाने का काम किया था। इसके बदले करीब 2.30 लाख रुपए मिलने थे, लेकिन अब तक 80 हजार रुपए ही मिले हैं। शेष राशि के भुगतान के लिए उन्होंने कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं को आवेदन सौंपा है। कलेक्टर ने मामले में जनपद पंचायत के सीईओ को नियमानुसार भुगतान की प्रक्रिया स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं। ब्याज पर पैसे लेकर कराया काम, मजदूरों का भुगतान भी खुद किया शिकायतकर्ता सोनू राम साहू के अनुसार, पेयजल व्यवस्था से जुड़े काम के लिए उन्होंने मोटर-पंप और पाइप की व्यवस्था करने के लिए ब्याज पर पैसे लिए थे। काम पूरा होने के बाद भी पूरी राशि नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि काम में लगे मजदूरों का भुगतान भी उन्होंने अपनी जेब से किया है। सोनू राम का दावा है कि काम के दौरान तत्कालीन सरपंच और सचिव ने लिखित रूप से हस्ताक्षर किए थे। उनके पास काम से संबंधित तस्वीरें भी हैं। इसके बावजूद बकाया राशि नहीं मिलने पर उन्होंने पहले मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत की थी। अब उन्होंने कलेक्टर से हस्तक्षेप कर बकाया भुगतान दिलाने की मांग की है। वर्तमान सरपंच पर भुगतान से इनकार करने का आरोप शिकायतकर्ता का आरोप है कि वर्तमान सरपंच पुराने कार्यकाल में कराए गए काम का भुगतान करने से इनकार कर रहे हैं। सोनू राम के मुताबिक, उन्होंने पंचायत के काम में अपनी ओर से राशि खर्च की थी, लेकिन पूरा भुगतान नहीं मिलने से उन्हें परेशानी हो रही है। कलेक्टर ने CEO को दिए निर्देश कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने बताया कि शिकायतकर्ता ने पूर्व सरपंच के कार्यकाल में गांव में काम करने और उसका भुगतान नहीं होने की शिकायत की है। इस मामले में जनपद पंचायत के सीईओ को नियमानुसार भुगतान की प्रक्रिया स्पष्ट करने और बकाया राशि के संबंध में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।