Thursday, 29 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कटनी में पटाखा दुकानों की जगह बदलने का विरोध:व्यापारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन दिया; द्वारका सिटी या एक समान स्थान देने की मांग

INT News29 October 2026 at 03:43 pm

कटनी के फुटकर पटाखा व्यापारियों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर दुकानों की जगह बदलने का विरोध किया। व्यापारियों का कहना है कि पिछले वर्षों में उन्हें द्वारका सिटी में दुकान लगाने की अनुमति मिली थी, लेकिन इस बार पुलिस लाइन झिंझरी जाने को कहा जा रहा है। उन्होंने प्रशासन पर जगह तय करने में भेदभाव का आरोप लगाते हुए कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। पुलिस लाइन झिंझरी भेजने का विरोध व्यापारियों के मुताबिक, पुलिस लाइन झिंझरी शहर से दूर है और वहां की सड़कें भी खराब हैं। इससे ग्राहकों को आने-जाने में परेशानी होगी। उनका कहना है कि 200 से 400 रुपए के पटाखे खरीदने वाले ग्राहक इतनी दूर जाने से बच सकते हैं, जिससे उनके कारोबार पर असर पड़ेगा। सभी फुटकर विक्रेताओं को एक जगह देने की मांग व्यापारियों ने आरोप लगाया कि कैंप के फुटकर पटाखा विक्रेताओं को इमलिया में दुकान लगाने की जगह दी जा रही है, जबकि उन्हें पुलिस लाइन झिंझरी भेजा जा रहा है। उन्होंने मांग की कि उन्हें भी इमलिया में दुकान लगाने की अनुमति दी जाए या कैंप के विक्रेताओं को पुलिस लाइन भेजा जाए।व्यापारियों ने सभी फुटकर विक्रेताओं को एक ही जगह दुकान लगाने की अनुमति देने की मांग की। उनका कहना है कि अगर सभी को एक समान जगह नहीं दी जाती, तो उन्हें पहले की तरह द्वारका सिटी में दुकान लगाने की अनुमति मिले। इससे त्योहार के दौरान कारोबारियों को आर्थिक नुकसान और परेशानी से बचाया जा सकेगा।