समाचार · हरियाणा
रेवाड़ी में आज 12 गांवों की बिजली रहेगी बाधित:8 फीडरों की 4 घंटे सप्लाई होगी बंद; लाइन की मरम्मत के चलते कटौती
रेवाड़ी जिले के 33 केवी कालूवास पावर हाउस से जुड़े क्षेत्रों में बिजली उपभोक्ताओं को शनिवार को 4 घंटे बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। बिजली निगम की ओर से सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक 33 केवी लाइन पर मरम्मत कार्य किया जाएगा। इस दौरान 11 केवी के आठ फीडरों की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इससे कालूवास, चांदावास, बूढ़पुर, लाखनौर, हजारीवास सहित करीब एक दर्जन गांवों और आसपास के क्षेत्रों में बिजली प्रभावित होगी। बिजली लाइन दूसरी जगह शिफ्ट होगी बिजली निगम के अनुसार, कालूवास से रेवाड़ी रोड पर कंकरवाली की तरफ स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के ऊपर से 33 केवी बिजली लाइन गुजर रही थी। यह लाइन प्लांट की बाउंड्री के अंदर होने के कारण खतरे की आशंका थी। इसी को देखते हुए लाइन को प्लांट की बाउंड्री से बाहर दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है। अब मरम्मत कार्य के दौरान पुरानी लाइन से संबंधित सामान हटाया जाएगा। इसी कार्य के चलते बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी। इन फीडरों की बिजली रहेगी बंद जेई पवन और एसएसए सोनू शर्मा ने बताया कि मरम्मत कार्य के दौरान 11 केवी कालूवास, बिहारीपुर, बालावास एपी, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, हालूहेड़ा, नांगलपठानी एपी, हंसनगर और नारनौल रोड फीडर बंद रहेंगे। इसके कारण कालूवास फीडर से जुड़े क्षेत्र, बिहारीपुर फीडर के चांदावास, बूढ़पुर, लाखनौर और बेरली सब-डिवीजन के चार गांव प्रभावित होंगे। वहीं, बालावास और नांगलपठानी एपी फीडर के कृषि उपभोक्ताओं को भी बिजली नहीं मिलेगी। हंसनगर फीडर बंद रहने से पुराने बिजली घर के आसपास के क्षेत्र और नारनौल रोड फीडर से जुड़े हजारीवास गांव की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रहेगी। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट फीडर से जुड़े क्षेत्र में भी कटौती रहेगी। उन्होंने कहा कि बिजली निगम की ओर से निर्धारित समय में कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि इसके बाद प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके।