समाचार · मध्य प्रदेश
सीहोर में ओवरलोड पिकअप पलटी, महिला मजदूर की मौत:धान रोपाई के लिए जा रहे 30 से ज्यादा घायल; इनमें बच्चे भी शामिल
सीहोर के रेहटी तहसील में भैसान गांव के पास धान रोपाई के लिए जा रहे मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन पलट गया। मंगलवार सुबह हुए इस हादसे में एक महिला मजदूर की मौके पर मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं, बच्चे और नाबालिग भी शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च अस्पतालों में रेफर किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में 40 से अधिक मजदूर सवार थे। ऐसे मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाना मोटर वाहन नियमों के विरुद्ध है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन क्षमता से अधिक भरा हुआ था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। वर्तमान में धान रोपाई का कार्य तेजी से चल रहा है। चकल्दी, लाड़कुई और आसपास के आदिवासी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मजदूरों को खेतों तक ले जाने के लिए मालवाहक पिकअप वाहनों का उपयोग किया जाता है। इन वाहनों में अक्सर क्षमता से कई गुना अधिक सवारियां बैठाई जाती हैं, जिससे लगातार हादसों का खतरा बना रहता है। गंभीर घायलों को भेरुंदा भेजा गया
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में ओवरलोड पिकअप वाहनों का संचालन लंबे समय से हो रहा है। इसके बावजूद, जिम्मेदार विभाग और पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्ती बरती जाती तो ऐसे हादसों से बचा जा सकता था। सीहोर के बुधनी एसडीओपी रवि शर्मा के अनुसार, थाना रेहटी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भैसान के पास मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित हो कर पलट गई। जिसमें मृतका अनीता पति पतिराम निवासी भिलाई की मौके पर मौत हो गई। अन्य घायलों को इलाज के लिए भेरुंदा अस्पताल भेजा गया है।