समाचार · मध्य प्रदेश
अनूपपुर में स्कूल परिसर बना तालाब, बच्चे परेशान:दैखल प्राथमिक विद्यालय में जलभराव के बीच आवाजाही; प्रशासन से नाली निर्माण की मांग
अनूपपुर जिले में लगातार हो रही बारिश से दैखल ग्राम पंचायत के बंधवाटोला स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर पूरी तरह जलमग्न हो गया है। समुचित नाली व्यवस्था न होने के कारण बारिश का पानी स्कूल परिसर में जमा हो गया है। इसके चलते बच्चों को गंदे और गहरे पानी के बीच से होकर कक्षाओं तक जाना पड़ रहा है, जिससे हादसों का खतरा बना हुआ है। हर साल बारिश में बिगड़ते हैं हालात, स्थायी समाधान नहीं ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि हर साल बारिश के मौसम में स्कूल परिसर तालाब का रूप ले लेता है। अभिभावकों ने चिंता जताई है कि पानी जमा होने से बच्चों के फिसलने, संक्रामक बीमारियों, मच्छरों के पनपने और जहरीले जीवों के निकलने का गंभीर जोखिम बना हुआ है। प्रधानाध्यापक बोले- खेत का पानी स्कूल की तरफ मोड़ने से बढ़ी समस्या विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक ओम प्रकाश केवट ने बताया कि यह समस्या पिछले चार वर्षों से बनी हुई है। इस संबंध में शिक्षा विभाग, जनपद और जिला पंचायत को पत्राचार किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि आसपास के खेतों का पानी स्कूल की तरफ मोड़ दिया गया है, जिससे तेज बारिश में पानी सीधे कमरों में प्रवेश कर जाता है। प्रशासन से जल्द नाली निर्माण की मांग स्थानीय निवासियों का कहना है कि वर्षों से नाली निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल परिसर में सुरक्षित माहौल और बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।