समाचार · मध्य प्रदेश
युवक ने सीजेपी के समर्थन में कलेक्ट्रेट में फोड़ा बम:'इंकलाब जिंदाबाद' के नारे लगाए, पुलिस ने पकड़ा तो लिखित में मांगी माफी
बालाघाट कलेक्ट्रेट परिसर में सुजल मेश्राम नाम के युवक ने पटाखा फोड़कर हंगामा किया। युवक ने नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और दिल्ली में सीजेपी कार्यकर्ताओं पर हुई कार्रवाई के विरोध में मोदी सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी शेयर हो रहा है। वारासिवनी के रहने वाले सुजल मेश्राम ने कलेक्ट्रेट में पांच मिनट के अंदर दो रस्सी बम फोड़े। उसने 'इंकलाब जिंदाबाद' और 'भ्रष्टाचार मुर्दाबाद' के नारे लगाए। वीडियो पोस्ट होने के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। बहन के कम नंबर आने से था परेशान सुजल मेश्राम ने बताया कि उसकी बहन ने नीट परीक्षा दी थी, जिसमें उसे 400 से ज्यादा नंबर आने की उम्मीद थी। हालांकि, परीक्षा रद्द होने और दोबारा परीक्षा में कम नंबर आने की वजह से उसकी बहन तनाव में चली गई थी। इसके अलावा, दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे साथियों के साथ हुई मारपीट से नाराज होकर उसने यह कदम उठाया था। पुलिस के सामने मांगी माफी पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद सुजल ने लिखित में माफी मांगी और एक वीडियो जारी कर अपनी इस हरकत पर दुख जताया। उसने कहा कि वह किसी काम से कलेक्ट्रेट आया था और जेब में रखा पटाखा गलती से गिरकर फूट गया। उसने सभी से कानून और संविधान के दायरे में रहकर काम करने की अपील की। इस पूरी घटना ने कलेक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।