समाचार · छत्तीसगढ़
फेसबुक पोस्ट पर पीएम मोदी को दी गाली, FIR दर्ज:भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने में किया प्रदर्शन, पटवारी के खिलाफ शिकायत पर कार्रवाई
सरगुजा में फेसबुक पोस्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देने का मामला सामने आया है। भाजपा व भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने मामले में शिकायत कोतवाली थाने में की और कोतवाली परिसर में नारेबाजी की। कमेंट्स करने वाला पटवारी बताया गया है। मामले में कोतवाली पुलिस ने गाली देने वाले फेसबुक यूजर के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक, सरगुजा में फेसबुक यूजर शुभांकर पांडेय के द्वारा दिल्ली प्रदर्शन को लेकर पोस्ट किया गया था। 22 जुलाई को इस पोस्ट पर विकास सिन्हा ने प्रधानमंत्री को गाली देते हुए लिखा कि इस्तीफा देना होगा। इस पोस्ट का स्क्रीन शॉट भाजपा के ग्रुप में पहुंच गया। इसकी शिकायत करने भाजपा एवं भाजयुमो कार्यकर्ता कोतवाली थाने पहुंच गए। थाने में नारेबाजी, पुलिस ने दर्ज की FIR
भाजपा व भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने पटवारी विकास सिन्हा के खिलाफ लिखित शिकायत कोतवाली पुलिस को दी और तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग रखी। पुलिस ने एल्डरमैन पार्षद शरद सिन्हा की रिपोर्ट पर विकास सिन्हा के खिलाफ धारा 296 बी, बीएनएस एक्ट का अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि शासकीय कर्मचारी द्वारा यह अव्यवहारिक कृत्य किया गया है। हमने पटवारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शन में भाजपा के वेदांत तिवारी, मनोज सोनी, अंशुल श्रीवास्तव, मयंक जायसवाल, दीपक यादव सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।