समाचार · मध्य प्रदेश
धार में बिना पंजीयन चल रही डेयरी सील:दो दिन के अभियान में 14 खाद्य नमूने लिए गए, जांच के लिए भोपाल लैब भेजे गए
धार जिले में दूध और दुग्ध उत्पादों में मिलावट रोकने के लिए प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर राजीव रंजन मीना के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दो दिनों तक डेयरियों और दूध कारोबारियों की जांच की। इस दौरान 14 खाद्य नमूने लिए गए। वहीं, धार शहर में बिना खाद्य पंजीयन और अस्वच्छ परिस्थितियों में संचालित एक डेयरी को सील कर उसका संचालन बंद करा दिया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 21 और 22 जुलाई को धार और कुक्षी क्षेत्र में निरीक्षण किया। धार शहर में राजवाड़ा स्थित सोमानी डेयरी, त्रिमूर्ति चौराहा की शारदा डेयरी, इंदौर-अहमदाबाद रोड स्थित सोलंकी इंटरप्राइजेज, नालछा दरवाजा स्थित सिद्धेश्वर ट्रेडर्स और निहाल नगर की माय डेयरी से दूध, पनीर, मावा, दही और घी के नमूने लिए गए। बिना पंजीयन चल रही डेयरी पर कार्रवाई निरीक्षण के दौरान निहाल नगर स्थित माय डेयरी बिना खाद्य पंजीयन के संचालित मिली। उत्पादन और भंडारण की व्यवस्था भी अस्वच्छ पाई गई। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने डेयरी का संचालन बंद कर परिसर को सील कर दिया। कुक्षी क्षेत्र में ग्वाला डेयरी उत्पाद, शिवाय स्वीट्स एंड दूध डेयरी, श्री कृपा स्वीट्स एंड डेयरी, मथुरा दूध डेयरी और कृष्ण स्वीट्स एंड डेयरी से खुले दूध और पनीर के नमूने एकत्र किए गए। अभियान के दौरान लिए गए सभी 14 नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। रिपोर्ट में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी अनियमितता मिलने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने कहा है कि आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।