Wednesday, 22 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बैतूल में राष्ट्रीय ध्वज अंगीकार दिवस मनाया गया:बच्चों ने तिरंगे के आकार का केक काटा, देशभक्ति गीत गाए

INT News22 July 2026 at 08:57 pm

बैतूल में राष्ट्रीय ध्वज अंगीकार दिवस बुधवार को पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। श्री-श्री ज्ञान मंदिर परिसर में सैकड़ों बच्चों, समाजसेवियों, पुलिस अधिकारियों और शिक्षकों ने तिरंगे के आकार का केक काटकर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त किया। इस अवसर पर बच्चों के चेहरों पर तिरंगे के तीनों रंग उकेरे गए और देशभक्ति गीत गाए गए। कार्यक्रम का आयोजन बैतूल सांस्कृतिक सेवा समिति द्वारा राष्ट्र रक्षा मिशन-2026 के शुभारंभ के साथ किया गया। इसमें एएसपी कमलेश कुमार खरपुसे, जिला सैनिक एवं कल्याण अधिकारी कैप्टन सुमीत सिंह, डीएसपी दुर्गेश आर्मो, गंज थाना प्रभारी नीरज पाल, महिला थाना प्रभारी कविता नागवंशी, श्री-श्री ज्ञान मंदिर की प्राचार्य जयश्री शाह और समिति अध्यक्ष गौरी बालापुरे पदम सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। बच्चों ने रिमझिम बारिश के बीच देशभक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, वहीं शिक्षिका कमलती चौहान ने भी देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। इस अवसर पर एएसपी कमलेश कुमार खरपुसे ने "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाता है और युवाओं से देशभक्त बनने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। जिला सैनिक एवं कल्याण अधिकारी कैप्टन सुमीत सिंह ने समिति के राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बैतूल की बेटियों का वर्षों से अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर जाकर जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाना जिले के लिए गर्व की बात है। समिति अध्यक्ष गौरी बालापुरे पदम ने बताया कि कारगिल युद्ध के बाद शुरू हुआ राष्ट्र रक्षा मिशन इस वर्ष 27वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। इस बार 25 सदस्यीय दल भारत-चीन सीमा पर तैनात जवानों के बीच पहुंचकर रक्षाबंधन का पर्व मनाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय ध्वज अंगीकार दिवस भी जिले में लगातार 14वें वर्ष मनाया जा रहा है। इस अवसर पर नशामुक्ति विषय पर रचनाएं लिखने वाली सात साहित्यकारों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में गुंजन खंडेलवाल, मीरा अंथोनी, डॉ. सुषमा सोनी, डॉ. माधवी ठाकुर, अनुराधा देशमुख, एडवोकेट सुनीता अंबुलकर और अरुणा पाटनकर शामिल थीं।