Wednesday, 22 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

माधव चौक पर प्रदर्शन में हंगामा:भाजपा नेता-प्रदर्शनकारियों में धक्का-मुक्की, पुलिस ने शांत कराया मामला

INT News22 July 2026 at 08:58 pm

शिवपुरी के माधव चौक पर बुधवार को छात्र आंदोलन के समर्थन में हुए प्रदर्शन के दौरान हंगामा हो गया। भाजपा नेता और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया। यह प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में किया जा रहा था। युवा पिछले दो दिनों से माधव चौक पर सांकेतिक प्रदर्शन कर रहे हैं। वे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं। छात्रों ने प्रदर्शन के लिए कलेक्टर से अनुमति मांगी थी, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के बावजूद वे प्रतिदिन कुछ घंटों के लिए एकत्रित होकर विरोध दर्ज करा रहे हैं। बुधवार को प्रदर्शन के दौरान कुछ मीडियाकर्मी कवरेज के लिए पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने "गोदी मीडिया" के नारे लगाए, जिस पर मीडियाकर्मियों ने आपत्ति जताई। इसी बीच, भाजपा नेता आशुतोष शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। भाजपा नेता आशुतोष शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन में कुछ युवा "आजादी" से जुड़े नारे लगा रहे थे, जिसका उन्होंने विरोध किया। शर्मा के अनुसार, विरोध करने पर उनके साथ झूमाझटकी की गई। वहीं, प्रदर्शन में शामिल युवाओं का आरोप है कि भाजपा नेता ने बिना किसी कारण उनके शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बीच पहुंचकर माहौल खराब करने की कोशिश की और अनावश्यक विवाद खड़ा किया। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर समझाया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई। घटना के बाद कुछ देर तक माधव चौक पर तनाव बना रहा, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।