Wednesday, 22 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

नाना पटवारी मामले में छात्र नेता से 6 घंटे पूछताछ:एमडी ड्रग्स और सट्टा जांच में पुलिस ने बढ़ाया जांच का दायरा

INT News22 July 2026 at 08:51 pm

इंदौर के राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने एमडी ड्रग्स मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी से जुड़े मामले में पूछताछ का दायरा बढ़ा दिया है। इसी क्रम में बुधवार को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और छात्र नेता रवि चौधरी समेत दो लोगों को नोटिस देकर पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया। दोनों दोपहर करीब 2 बजे राजेंद्र नगर थाना पहुंचे, जहां एसीपी कार्यालय में उनसे लगातार छह घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई। देर रात तक दोनों पुलिस अधिकारियों के सामने मौजूद रहे। हालांकि पुलिस ने पूछताछ में क्या सवाल किए और क्या जानकारी मिली, इसका खुलासा नहीं किया है। सूत्रों के मुताबिक पूछताछ एसीपी निधि सक्सेना और जांच टीम के एसआई प्रदीप ने की। इस दौरान मीडिया भी थाने पहुंची, लेकिन दोनों को अलग कमरे में बैठाकर पूछताछ की गई। पुलिस इससे पहले इस मामले में कॉलोनाइजर सुमित मंत्री समेत कई अन्य लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। नाना पटवारी को भी दो बार पूछताछ के लिए बुलाया जा चुका है। पहली बार वह मीडिया के सामने आए थे, लेकिन दूसरी बार की पूछताछ के दौरान उन्होंने सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। जानकारी के अनुसार अब तक पुलिस इस पूरे मामले में दो दर्जन से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है। जांच एजेंसियां एमडी ड्रग्स प्रकरण और क्रिकेट सट्टे से जुड़े पहलुओं के बीच संभावित कड़ियों की भी पड़ताल कर रही हैं। रवि चौधरी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर होने के साथ छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर भी चर्चित रहते हैं। हाल ही में उन्हें महाकाल मंदिर में भारतीय क्रिकेटर तिलक वर्मा और अभिनेता संजय दत्त के साथ वीआईपी दर्शन करते हुए भी देखा गया था। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं। ये खबरें भी पढ़ें… 1. नाना पटवारी के साथियों ने कबूला एमडी ड्रग्स के मामले में आरोपी नाना पटवारी और उसके साथी सुमित मंत्री से बुधवार देर रात तक राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि नाना के साथी ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट ऑल पैनल पर क्रिकेट सट्टे के कमीशन एजेंट थे। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें प्रत्येक लेनदेन पर कमीशन मिलता था।पूरी खबर पढ़ें 2.जीतू पटवारी का भाई बोला-3 साल पहले ड्रग्स लेता था कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी को पुलिस हिरासत में लेने का मामला तूल पकड़ता दिख रहा है। पार्टी इसे सियासी एंगल देने के मूड में है। शुक्रवार को जीतू और नाना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताया है। इस दौरान नाना पटवारी ने स्वीकार किया कि वे 3 साल पहले तक ड्रग्स का सेवन करते थे, लेकिन रिहैब सेंटर में इलाज के बाद उन्होंने नशा पूरी तरह छोड़ दिया है। पूरी खबर पढ़ें…