Wednesday, 22 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

अशोकनगर में मोबाइल शॉप चोरी का 24 घंटे में खुलासा:बीना रेलवे स्टेशन से चोर गिरफ्तार, 80 हजार के मोबाइल बरामद

INT News22 July 2026 at 08:54 pm

अशोकनगर की एक मोबाइल दुकान में हुई चोरी का कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 80 हजार रुपए कीमत के चार चोरी के मोबाइल बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि उससे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा सके। पुलिस के अनुसार, शांतिनाथ मंदिर के पास रहने वाले सफल जैन ने 21 जुलाई को कोतवाली थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रात में दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात सूचना मिली कि दुकान का ताला तोड़कर चोरी कर ली गई है। चोर एक लावा मोबाइल, एक सैमसंग मोबाइल, दो आईफोन और गल्ले में रखे करीब पांच हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 80 हजार रुपए आंकी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से तकनीकी साक्ष्य जुटाए, सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। बीना रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा आरोपी जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन बीना क्षेत्र में मिली। इसके बाद पुलिस ने बीना रेलवे स्टेशन के पास से सेमरी टंकी, थाना पिपरई निवासी संदीप उर्फ संजीव यादव (19) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी हुए चारों मोबाइल बरामद कर जब्त कर लिए गए। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर लिया गया। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने कहीं और भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।