समाचार · मध्य प्रदेश
ई-रिक्शा की सीटों के नीचे छिपाकर ला रहा था शराब:छतरपुर में पुलिस की कार्रवाई, चालक गिरफ्तार; तस्करी के नेटवर्क की जांच शुरू
छतरपुर में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने नौगांव रोड स्थित रीजेंसी होटल के सामने एक ई-रिक्शा से अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने मौके से ई-रिक्शा चालक हीरा लाल को गिरफ्तार कर शराब और वाहन जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, ई-रिक्शा (क्रमांक MP 16 ZB 0867) की सीटों के नीचे अंग्रेजी शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब नौगांव से छतरपुर लेकर आ रहा था। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि शराब किसके कहने पर लाई जा रही थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी के पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है या नहीं। नए ठेकों के बाद बढ़े अवैध कारोबार के आरोप जानकारी के अनुसार, जिले में शराब दुकानों के नए ठेके और दोबारा बोली प्रक्रिया पूरी होने के बाद अवैध शराब तस्करी के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। आरोप है कि कुछ ठेकेदार बिक्री बढ़ाने के लिए दूसरे ठेका क्षेत्रों में भी अवैध रूप से शराब की आपूर्ति करा रहे हैं, जिससे आबकारी नियमों का उल्लंघन हो रहा है। उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे क्षेत्रों के कारण भी जिले में शराब तस्करी पुलिस और आबकारी विभाग के लिए चुनौती बनी हुई है। कम कीमत का फायदा उठाकर तस्कर सीमावर्ती इलाकों से शराब लाकर छतरपुर और आसपास के क्षेत्रों में बेच रहे हैं। पुलिस ने आरोपी, ई-रिक्शा और बरामद शराब को जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।