समाचार · पंजाब
पठानकोट में बाबा शेरशाह वली दरगाह में चोरी:सवा घंटे में गोलक तोड़कर उड़ाई नकदी; वारदात CCTV में हुई कैद
पठानकोट के माधोपुर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा शेरशाह वली दरगाह में चोरी का मामला सामने आया है। चोर ने दरगाह की मुख्य गोलक का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी चुरा ली। यह पूरी घटना दरगाह परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। दरगाह प्रबंधक कमेटी के प्रधान जनक राज ने बताया कि चोरी का पता तब चला जब सुबह माधोपुर के पूर्व सरपंच हीरा लाल दरगाह में माथा टेकने पहुंचे। उन्होंने मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ देखा और तुरंत कमेटी को सूचित किया। सूचना मिलने पर जनक राज अपने सहयोगियों और छन्न कोठी के पूर्व सरपंच कर्ण कुमार के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। गोलक तोड़ने में लगा सवा घंटा सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि एक अज्ञात युवक देर रात दरगाह में दाखिल हुआ था। उसने लगभग सवा घंटे तक मशक्कत करके मुख्य गोलक को तोड़ा और उसमें रखी सारी नकदी निकाल ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उल्टी दिशा से मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रबंधक कमेटी ने सुजानपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दी है। 3 साल पहले भी दरगाह पर हुई थी चोरी प्रधान जनक राज ने इस तरह की घटनाओं को धार्मिक स्थलों के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि लगभग 3 वर्ष पहले भी दरगाह में इसी तरह की चोरी हुई थी, जिसमें आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया था। जनक राज ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने समाज विरोधी तत्वों की मदद करने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की अपील की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने और रात के समय क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।