Wednesday, 22 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

देवास में मानसून सक्रिय, एक घंटे तक तेज बारिश:गर्मी-उमस से मिली राहत, किसानों के चेहरे खिले; कई इलाकों में जलभराव से परेशानी

INT News22 July 2026 at 08:49 pm

देवास में 11 दिनों के लंबे इंतजार के बाद बुधवार को जिले में मानसून फिर सक्रिय हो गया। शहर में शाम को करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। वहीं, किसानों के लिए यह बारिश खरीफ फसलों के लिए संजीवनी साबित हुई। हालांकि, तेज बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति भी बन गई। सुबह से शहर में गर्मी और उमस का असर बना हुआ था। दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और शाम करीब 5:30 बजे तेज बारिश शुरू हो गई। लगभग एक घंटे तक झमाझम बारिश होती रही, जिसके बाद कुछ देर तक रुक-रुककर हल्की बारिश का दौर चला। बारिश से तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहाना हो गया। किसानों के लिए राहत की बारिश पिछले कई दिनों से बारिश नहीं होने के कारण खेतों की नमी कम हो रही थी। इससे खरीफ फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ने लगी थी। बुधवार की बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी पहुंची, जिससे किसानों ने राहत की सांस ली। इसे सोयाबीन सहित अन्य खरीफ फसलों के लिए लाभदायक माना जा रहा है। तेज बारिश के कारण सुतारबाखल और मक्सी रोड क्षेत्र सहित शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। एमजी रोड पर भी सड़क पर पानी जमा होने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर लोगों को सावधानी से वाहन निकालने पड़े।