Thursday, 17 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

entertainment

Disha Salian Case: ₹500 करोड़ का मानहानि नोटिस और 7 दिन का अल्टीमेटम, बुरे फंसे आदित्य ठाकरे-अनिल देशमुख

INT News17 September 2026 at 12:11 pm

Disha Salian Case: दिशा सालियन केस एक बार फिर सुर्खियों में है और इस बार मामला सीधे 500 करोड़ के मानहानि नोटिस तक पहुंच गया है. दिशा के पिता सतीश सालियन ने शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे और NCP (SP) नेता अनिल देशमुख को कानूनी नोटिस भेजा है. आरोप है कि दोनों नेताओं के कथित बयानों में उनकी बेटी की मौत की जांच के लिए न्याय की लड़ाई को ‘राजनीति से प्रेरित’ बताया गया. अब सतीश सालियन ने इन बयानों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए 500 करोड़ के हर्जाने और सार्वजनिक माफी की मांग की है.

क्या कहा गया है ₹500 करोड़ के मानहानि नोटिस में?

सतीश सालियन की ओर से भेजे गए कानूनी नोटिस में आदित्य ठाकरे के कथित बयानों पर आपत्ति जताई गई है. नोटिस में कहा गया, “ये सभी आरोप झूठे, निराधार, गैर-जिम्मेदाराना और गंभीर रूप से मानहानिकारक हैं. इन्हें किसी विश्वसनीय सबूत या ठोस आधार के बिना लगाया गया है. इन बयानों का मकसद मेरे मुवक्किल की ईमानदारी, विश्वसनीयता और नीयत पर सवाल उठाना है. एक दुखी पिता, जो अपनी बेटी की कथित गैंगरेप और हत्या की निष्पक्ष और कानूनी जांच की मांग कर रहा था, उसे न्यायिक प्रक्रिया का गलत इस्तेमाल करने वाला और राजनीतिक या दुर्भावनापूर्ण मकसद से काम करने वाला व्यक्ति बताने की कोशिश की गई.” नोटिस में आदित्य ठाकरे पर यह आरोप भी लगाया गया है कि उन्होंने यह दावा किया कि CBI पहले ही दिशा सालियन मामले की जांच कर चुकी है और उन्हें ‘क्लीन चिट’ दे चुकी है. नोटिस इस दावे को गलत और भ्रामक बताता है.

क्या है सतीश सालियन की मांग?

₹500 करोड़ के हर्जाने के अलावा सतीश सालियन ने दोनों नेताओं से सार्वजनिक और बिना शर्त माफी मांगने की मांग की है. नोटिस में कहा गया है कि माफी लिखित रूप में हो और प्रमुख प्रिंट, टीवी और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित या प्रसारित की जाए. इसके अलावा दोनों नेताओं के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कम से कम तीन मिनट का वीडियो अपोलॉजी जारी करने की मांग भी की गई है.

क्या है दिशा सालियन केस?

दिशा सालियन की 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक हाईराइज बिल्डिंग से गिरने के बाद मौत हो गई थी. उस समय पुलिस ने इसे दुर्घटना मानते हुए Accidental Death Report दर्ज की थी. दिशा ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के साथ सेलिब्रिटी मैनेजर के तौर पर काम किया था. दिशा की मौत के छह दिन बाद सुशांत सिंह राजपूत की भी मौत हुई, जिसके बाद दोनों मामलों को लेकर लंबे समय तक सार्वजनिक और राजनीतिक बहस होती रही.

ये भी पढ़ें: 'अब खुलेगा सुशांत सिंह राजपूत की मौत का राज', दिशा सालियान केस में CBI की FIR के बाद एक्टर के भाई बोले- उद्धव सरकार ने मामले को दबाया