Thursday, 17 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मूक-बधिर साधु से मारपीट, VIDEO:मंदिर के पास बेरहमी से पीटा; पुलिस ने खुद लिया संज्ञान

INT News17 September 2026 at 01:56 pm

उमरिया जिले के चंदिया नगर परिषद क्षेत्र में एक साधु के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। हालांकि, थाने में अब तक किसी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस ने खुद ही पड़ताल का जिम्मा उठाया है। खेर माता मंदिर के पास की घटना मामला चंदिया नगर परिषद के वार्ड नंबर-3 स्थित खेर माता मंदिर के पास का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में एक व्यक्ति कथित तौर पर एक मूक-बधिर साधु की बेरहमी से पिटाई करता नजर आ रहा है। मारपीट किस वजह से की गई और इसमें शामिल लोग कौन हैं, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। डीएसपी पुन्नू सिंह परस्ते ने बताया कि वीडियो के आधार पर पीड़ित साधु की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम उनसे संपर्क साधने की कोशिश में जुटी है, ताकि उनके बयान दर्ज किए जा सकें और घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सके। इसके साथ ही साधु पर हाथ उठाने वाले आरोपी की तलाश के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं। पुलिस के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर चंदिया थाने में अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं पहुंची है। इसके बावजूद संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने वीडियो के आधार पर स्वत: संज्ञान लेकर जांच शुरू की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता, घटनास्थल की पुष्टि और पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।