Thursday, 17 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

राहुल गांधी के कार्यक्रम की सभा-शुल्क पर सीएम का जवाब:बोले: कांग्रेसी पहले कह रहे थे परमिशन नहीं मिल रही, अब पैसों की बात करने लगे

INT News17 September 2026 at 01:57 pm

राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए 10 लाख रुपए सभा शुल्क लिए जाने के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयान पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पलटवार किया है। पटवारी के आरोप पर सीएम ने कहा कि कांग्रेस पहले कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने की बात कर रही थी, अब अनुमति मिलने के बाद पैसों की बात करने लगी है। जीतू ने कहा था- 10 लाख फीस ली गई जीतू पटवारी ने राहुल गांधी के कार्यक्रम की दस लाख फीस लिए जाने को लेकर कहा था- जब अंग्रेज देश में थे तब आंदोलन और सभाएं करने के लिए फीस नहीं लगती थी। पांच साल में RSS के एक हजार कार्यक्रम हुए, लेकिन सरकार ने एक रुपए शुल्क नहीं लिया। पटवारी के इसी बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस जब बोलती है तब झूठ ही बोलती है। यह कांग्रेस का चरित्र है। भारतीय जनता पार्टी के चरित्र में ऐसा नहीं है। पहले तो कह रहे थे कि कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जा रही है। अब अनुमति दी गई तो पैसे की बात कर रहे हैं। पहले एक करोड़ की बात, अब 10 लाख पर हाय-हाय मुख्यमंत्री ने कहा- जब देने की बात आई थी तो कह रहे थे कि एक करोड़ लगेगा तो हम देंगे। अब 10 लाख रुपए में हाय-हाय कर रहे हैं। कांग्रेस यह कर क्या रही है। कांग्रेस अपने अंदर झांके सीएम ने कहा कि कांग्रेस को अपने अंदर झांकना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज बहुत पवित्र दिन है, इसलिए वे ज्यादा नहीं बोलना चाहते। लोकतंत्र को कलंकित करने का काम कांग्रेस ने किया। आपातकाल लगाने का काम कांग्रेस ने किया। कई लोगों को जेल के अंदर सलाखों के पीछे अपना समय गुजारना पड़ा। लोगों के अंग-भंग हुए और कई लोगों के प्राण चले गए। कर्नाटक में महिला मंत्री नहीं बनाने पर सवाल मुख्यमंत्री ने कहा कि क्या कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार नहीं चला रहे हैं, लेकिन सरकार के अंदर एक भी महिला मंत्री को मौका नहीं देते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अंदर का चरित्र और माता-बहनों के प्रति उनकी दृष्टि क्या होगी, यह भी देखना चाहिए। सीएम बोले- सकारात्मक सुझाव दें राहुल गांधी मुख्यमंत्री ने कहा कि उम्मीद है कि नेता प्रतिपक्ष जब यहां आएं तो केन-बेतवा और सभी क्षेत्रों में राज्य जो प्रगति कर रहा है, उसमें सकारात्मक सुझाव भी दें। मोदी के जन्मदिन पर सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर भाजपा के सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत हुई। इसके तहत प्रदेशभर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। भोपाल के जेपी अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए और रक्तदान करने वाले छात्र-छात्राओं तथा भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। 290 से ज्यादा स्थानों पर रक्तदान शिविर मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा प्रदेश इकाई के आह्वान पर प्रदेश में करीब 290 से ज्यादा स्थानों पर ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित किए गए हैं। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार 6,744 यूनिट ब्लड डोनेट हो चुका है। रक्तदान से कई लोगों की जिंदगी बचती है सीएम ने कहा कि रक्तदान जीवन का सबसे बड़ा दान है। हमारे रक्त देने से कई लोगों के जीवन में जिंदगी बसती है और उन्हें मेडिकल हेल्प मिलती है। उन्होंने कहा कि जैसे चुनाव के आंकड़े आते हैं, वैसे ही रक्तदान के आंकड़े भी आ रहे हैं। मोदी के दीर्घायु जीवन के लिए बाबा महाकाल से कामना मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उनके दीर्घायु जीवन के लिए बाबा महाकाल से कामना करते हैं। युगों बाद ऐसा नेता होता है, जिसके कारण देश में हर एक स्थान पर लगातार सुधारवादी काम होते हैं और बदलाव नजर आता है। आज का दिन बड़े महत्व का है। 50 लाख हितग्राहियों को मिलेगी निशुल्क रजिस्ट्री सीएम ने कहा कि मध्य प्रदेश में 50 लाख से ज्यादा हितग्राहियों को स्वामित्व योजना के तहत फ्री रजिस्ट्री की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पट्टा देने से समाधान नहीं होता। कई प्रकार की योजनाओं का लाभ और बैंक से लोन भी नहीं मिल पाता। सरकार के माध्यम से पूरे 50 लाख लोगों को एक महीने में निशुल्क रजिस्ट्री कराकर दी जाएगी। इस योजना की शुरुआत इंदौर से हो रही है। महाकाल लोक के बाद धार्मिक पर्यटन में बड़ा बदलाव मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2022 में बाबा महाकाल के महाकाल लोक के माध्यम से धार्मिक पर्यटन के नए मार्ग की शुरुआत की थी। धार्मिक स्थलों को किस तरह बनाया और सजाया जा सकता है, इसके कारण धार्मिक पर्यटन का नया मार्ग खुला है। उस समय तक उज्जैन में 60-70 लाख लोग आते थे, जबकि बीते साल 8 करोड़ लोग आए। इस साल MP में 20 करोड़ से ज्यादा यात्रियों का आगमन डॉ. यादव ने कहा कि इस साल मध्य प्रदेश में 20 करोड़ से ज्यादा यात्रियों का आगमन हुआ है। पर्यटन के क्षेत्र में यह बड़ा बदलाव है। एक बार पर्यटन के क्षेत्र में कोई आता है तो ठेले वाले, गाड़ी वाले, ऑटो वाले, होटल वाले और हर प्रकार के लोगों को इसका लाभ मिलता है। उज्जैन में लगाए जाएंगे लाखों दीपक मुख्यमंत्री ने कहा कि उम्मीद है कि उज्जैन में आज 25-30 लाख से ज्यादा दीपक लगाए जाएंगे। शाम तक इसका आंकड़ा मालूम पड़ेगा। उन्होंने इसे सनातन संस्कृति के प्रति संकल्प बताते हुए कहा कि परमात्मा ने जो जीवन दिया है, उसके आलोक से जग का अंधेरा मिटे। नितिन नवीन उज्जैन के कार्यक्रम में होंगे शामिल मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज मध्य प्रदेश की धरती पर पधारने वाले हैं। उन्होंने बताया कि नितिन नवीन साइकिल से उज्जैन पहुंचने वाले हैं और वहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश और विश्व के सबसे युवा देश में जनकल्याण के कामों को लगातार आगे बढ़ाने का यह बड़ा संकल्प होगा।