समाचार · पंजाब
लुधियाना में नगर निगम का मैकेनिक ही निकला चोर:1 महीने में 5 बार चोरी, CCTV फुटेज से खुलासा, लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
लुधियाना के माता चरण कौर मोहल्ले में पिछले करीब एक महीने से लगातार पानी की मोटरों की तांबे की तार चोरी हो रही थी। एक ही महीने में 5 बार चोरी की वारदात होने से मोहल्ले के लोग काफी परेशान थे। बार-बार हो रही चोरी के कारण स्थानीय निवासियों का शक गहरा गया, जिसके बाद उन्होंने मामले की अपने स्तर पर पड़ताल शुरू की। स्थानीय निवासी दीपक झा ने बताया कि चोरी का सुराग लगाने के लिए जब इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो उसमें एक युवक की संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। एक फुटेज में आरोपी हाथ में चोरी किए गए तार का रोल लेकर जाता हुआ साफ दिखाई दिया। फुटेज देखने के बाद मोहल्ले वालों का शक यकीन में बदल गया। मोटर ठीक करने आता था आरोपी, वही निकला मास्टरमाइंड दीपक झा के अनुसार, पकड़ा गया युवक नगर निगम में आउटसोर्सिंग पर काम करता है। जब भी मोहल्ले में पानी की कोई मोटर खराब होती थी, तो निगम की तरफ से वही युवक उसे ठीक करने आता था। मरम्मत के बहाने उसे मोटरों की स्थिति की पूरी जानकारी रहती थी, जिसका फायदा उठाकर वह रात या मौके का फायदा उठाकर तार चुरा लेता था। लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा फुटेज में पहचान होने के बाद मोहल्ले के लोगों ने युवक को रंगे हाथों घेरकर पकड़ लिया और तुरंत टिब्बा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। मोहल्ले के निवासियों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई करने, आरोपी की भूमिका स्पष्ट करने और चोरी किया गया सारा सामान (तार) बरामद करवाने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है। आरोपी से गहन पूछताछ के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी