समाचार · हरियाणा
यमुनानगर में चोरी का अनोखा अंदाज:यूपी ससुराल से यमुनानगर आता, बाइक रास्ते में छोड़ ई-रिक्शा से करता था चोरी, 15 FIR
यमुनानगर में चोरी की वारदात को अंजाम देने का आरोपी ऐसा तरीका अपनाता था कि पुलिस भी उसके आने-जाने के पैटर्न को देखकर हैरान रह गई। आरोपी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित अपने ससुराल से बाइक पर यमुनानगर आता था, लेकिन चोरी की वारदात वाले इलाके के आसपास पहुंचने से पहले बाइक को रास्ते में ही खड़ा कर देता था। इसके बाद ई-रिक्शा लेकर अपने टारगेट तक पहुंचता और चोरी करने के बाद दोबारा ई-रिक्शा से बाइक तक जाता। वारदात के बाद बाइक से वापस अपने ससुराल पहुंच जाता था। आरोपी की पहचान अकरम खान उर्फ साहिल निवासी ससोली माजरा को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्तमान में उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित लोईसराय में अपने ससुराल में रह रहा था। 15-16 जून की रात सुनसान घर को बनाया था निशाना एंटी बर्गलरी स्टाफ के जांच अधिकारी एसआई गुरदयाल सिंह ने बताया कि 15-16 जून की रात इंद्रा कॉलोनी में एक सुनसान मकान को चोरी के लिए निशाना बनाया गया था। मकान से सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए गए थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी अकरम खान के बारे में सुराग मिला। पता चला कि आरोपी पहले से ही चोरी के एक अन्य मामले में जेल में बंद है। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट से उसका प्रोडक्शन वारंट हासिल किया और उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। बाइक छोड़ ई-रिक्शा से पहुंचता था टारगेट तक पूछताछ में आरोपी के वारदात को अंजाम देने के तरीके की जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक आरोपी उत्तर प्रदेश स्थित अपने ससुराल से बाइक लेकर यमुनानगर आता था। वह अपनी पहचान और बाइक की लोकेशन को लेकर सावधानी बरतते हुए टारगेट वाले इलाके से कुछ दूरी पर बाइक खड़ी कर देता था। इसके बाद वहां से ई-रिक्शा लेकर चोरी करने वाले मकान तक पहुंचता था। वारदात के बाद वह उसी तरीके से वापस अपनी बाइक तक पहुंचता और बाइक लेकर उत्तर प्रदेश स्थित ससुराल चला जाता था। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने इसी तरीके से यमुनानगर में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपी पर करीब 15 मुकदमे पहले से दर्ज पुलिस के अनुसार अकरम खान के खिलाफ पहले से करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं। उसे पूर्व में भी चोरी के मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है और उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया गया था। फिलहाल पुलिस ने उसे इंद्रा कॉलोनी में हुई चोरी की वारदात में गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सोने की चेन और दो जोड़ी पाजेब बरामद कर ली हैं। पुलिस रिमांड के दौरान उससे पूछताछ जारी है। जांच अधिकारी के अनुसार पूछताछ पूरी होने के बाद चोरी के अन्य मामलों से जुड़े तथ्य और सामान की बरामदगी को लेकर भी कार्रवाई की जाएगी।