समाचार · मध्य प्रदेश
रेलवे क्रॉसिंग के पास मारुति वैन में आग:धुआं उठते ही चालक ने कूदकर बचाई जान; गैरेज का सामान जलकर खाक
मंडला के महाराजपुर में रेलवे क्रॉसिंग के पास गुरुवार को एक मारुति वैन में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरी वैन को चपेट में ले लिया। वैन में रखा गैरेज में इस्तेमाल होने वाला मरम्मत का सामान भी जल गया। चालक ने समय रहते वाहन से उतरकर अपनी जान बचा ली। धुआं उठते ही चालक ने रोका वाहन मारुति वैन (MP 20 BA 1657) महाराजपुर से रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित गैरेज की ओर जा रही थी। इसी दौरान वाहन से अचानक धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं। खतरा भांपते ही चालक ने वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वैन में रखा था गैरेज का सामान बताया गया कि वैन स्थानीय मोटर गैरेज के मिस्त्री अक्षय पटेल की थी। इसमें गैरेज में इस्तेमाल होने वाले मरम्मत उपकरण और अन्य जरूरी सामान रखा था। आग लगने से वैन समेत सामान पूरी तरह जल गया, जिससे वाहन मालिक को नुकसान हुआ है। पुलिस और लोगों ने मिलकर बुझाई आग सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना प्रभारी डॉ. जयसिंह यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग बुझने से आसपास खड़े वाहनों और इलाके में आग फैलने से बच गई। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।