समाचार · हरियाणा
हिसार के 4 गांवों में पहुंची नशा मुक्ति टीम:ग्रामीणों को किया जागरूक; पीड़ितों की काउंसलिंग कराई
हिसार पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत अग्रोहा थाना क्षेत्र के जगान, असरावां, फ्रांसी और अग्रोहा गांवों में ग्रामीणों से संपर्क किया। पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन के दिशा-निर्देशन में नशा मुक्ति टीम ने नशा पीड़ितों की पहचान कर उन्हें उपचार, दवाइयां और काउंसलिंग की सुविधा दिलाई। टीम ने गांवों में नुक्कड़ सभाएं कर नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक प्रभावों की जानकारी दी। ग्रामीणों से युवाओं को नशे से दूर रखने में सहयोग करने तथा नशे की बिक्री या सप्लाई से जुड़ी जानकारी पुलिस को देने की अपील की गई। 21 नशा पीड़ितों को मिली चिकित्सा सहायता अभियान के दौरान 4 नए नशा पीड़ितों की पहचान की गई। इन्हें नागरिक अस्पताल हिसार ले जाकर पहली बार आयुर्वेदिक और एलोपैथिक उपचार दिलाया गया। वहीं 6 पीड़ितों को दूसरी बार अस्पताल ले जाकर दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। इनका ब्लड टेस्ट और काउंसलिंग भी कराई गई। इसके अलावा टीम ने 11 नशा पीड़ितों के घर पहुंचकर उन्हें पहली बार आयुर्वेदिक दवाइयां दीं। इस तरह कुल 21 लोगों तक उपचार और चिकित्सा सहायता पहुंचाई गई। काउंसलिंग के बाद अस्पताल में भर्ती हुआ व्यक्ति पुलिस के अनुसार, टीम की काउंसलिंग के बाद एक नशा पीड़ित नागरिक अस्पताल हिसार में उपचार के लिए भर्ती हुआ। पुलिस टीम ने नशा पीड़ितों की पहचान के साथ उनके उपचार और फॉलोअप पर भी ध्यान देने की बात कही। एसपी बोले- उपचार भी अभियान का हिस्सा एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार और काउंसलिंग उपलब्ध कराना भी जरूरी है। उन्होंने परिवारों और ग्रामीणों से नशे से संबंधित जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की अपील की। पुलिस के अनुसार, गांवों में जागरूकता, पहचान, काउंसलिंग और उपचार से जुड़ा अभियान आगे भी जारी रहेगा।