समाचार · मध्य प्रदेश
रीवा के टमस नदी में मिला बच्ची का शव:मछुआरों के जाल में फंसी मिली; आसपास पूछताछ कर रही पुलिस
रीवा के चाकघाट थाना क्षेत्र के गौरा मार्ग स्थित वार्ड क्रमांक-12 में गुरुवार सुबह टमस नदी के किनारे बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई। नगर परिषद के पंप हाउस के पास नदी के तट पर मछुआरों के लगाए जाल में बच्ची का शव फंसा मिला। सुबह मछुआरे जाल देखने पहुंचे तो उन्हें शव दिखाई दिया। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को जाल से बाहर निकलवाया। शव मिलने की सूचना पर जुटी भीड़ घटना की जानकारी मिलते ही चाकघाट पुलिस मौके पर पहुंची। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। लिंग भेद के चलते नदी में बहाने की आशंका बच्ची का शव नदी में मिलने के बाद लिंग भेद के चलते उसे नदी में बहाए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक पुलिस की जांच में इसकी पुष्टि नहीं हुई है। बच्ची की पहचान भी नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में बच्ची के गुम होने से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। नदी में कहां से पहुंची, इसकी जांच पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बच्ची नदी में कहां से पहुंची और शव कितने समय से पानी में था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और अन्य महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। बच्ची की पहचान और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।