national
अगले 5 दिन इन 17 रेलवे स्टेशनों पर नहीं मिलेंगे प्लेटफॉर्म टिकट, 14-15 नवंबर तक लागू रहेगी पाबंदी

Indian Railways: दिवाली के बाद अब छठ पूजा के लिए घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ रही है. इसे देखते हुए भारतीय रेलवे ने दिल्ली, मुंबई और गुजरात के कई प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री अस्थायी रूप से बंद कर दी है. मुंबई और गुजरात के चुनिंदा स्टेशनों पर यह पाबंदी 15 नवंबर तक लागू रहेगी, जबकि दिल्ली-एनसीआर के छह स्टेशनों पर 14 नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकट नहीं मिलेंगे.
दिल्ली के इन 6 स्टेशनों पर 14 नवंबर तक रोक
उत्तर रेलवे के मुताबिक 3 नवंबर से 14 नवंबर 2026 तक दिल्ली-एनसीआर के छह प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री बंद रहेगी. इनमें नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन (पुरानी दिल्ली), हजरत निजामुद्दीन, गाजियाबाद, आनंद विहार टर्मिनल और आनंद विहार हॉल्ट शामिल हैं. त्योहारों के दौरान स्टेशन पर अनावश्यक भीड़ को कम करने और यात्रियों की आवाजाही सुरक्षित बनाने के लिए रेलवे ने यह फैसला लिया है.
मुंबई के 5 स्टेशनों पर 15 नवंबर तक नहीं मिलेगा टिकट
मध्य रेलवे ने मुंबई और आसपास के पांच व्यस्त स्टेशनों पर भी प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री रोक दी है. यह प्रतिबंध 5 नवंबर से लागू है और 15 नवंबर तक जारी रहेगा. इन स्टेशनों में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT), दादर, लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT), ठाणे और कल्याण शामिल हैं.
मध्य रेलवे के मुताबिक, छठ पूजा के लिए बड़ी संख्या में यात्री ट्रेन से सफर करते हैं. ऐसे में उन्हें छोड़ने या लेने आने वाले लोगों की भीड़ कम करने के लिए प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर अस्थायी रोक लगाई गई है.
गुजरात में भी प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री बंद
पश्चिम रेलवे ने बांद्रा टर्मिनस समेत छह प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री 15 नवंबर तक बंद रखने का फैसला किया है. यह रोक 1 नवंबर से लागू है. इन स्टेशनों में बांद्रा टर्मिनस, वापी, वलसाड, उधना, सूरत और भेस्तान शामिल हैं. पश्चिम रेलवे के अनुसार, इसका उद्देश्य प्लेटफॉर्म पर भीड़ नियंत्रित करना और ट्रेनों में चढ़ने-उतरने वाले यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.
Also Read: जनवरी 2027 से 12 जोड़ी ट्रेनों के बदल जायेंगे नंबर, नए नंबर से करना होगा टिकट बुक; देखें पूरी सूची