समाचार · मध्य प्रदेश
दतिया मंडी में अधिकारियों ने व्यवस्थाएं देखीं:किसानों को तौल, ई-ऑक्शन और भुगतान प्रक्रिया समझाई; कैमरे दुरुस्त करने के निर्देश
कृषि उपज मंडी दतिया में गुरुवार को एसडीएम सोनाली राजपूत सहित अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों को उपज की तौल, क्रमवार नंबरिंग, ई-ऑक्शन और भुगतान प्रक्रिया की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी बारी का इंतजार करने और मंडी व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सोनाली राजपूत, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी राजकुमार यादव और मंडी सचिव चिमनलाल अहिरवार ने किसानों से चर्चा की। उन्होंने बताया कि उपज की बिक्री के लिए लाइन और नंबरिंग व्यवस्था के अनुसार अपनी बारी आने पर नीलामी में शामिल हों। उपज बेचने के बाद उसी दिन नकद भुगतान प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने मंडी में किसानों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही मंडी परिसर में लगे कैमरों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि निगरानी व्यवस्था बेहतर बनी रहे।