Thursday, 29 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

बच्चों की पढ़ाई, कौशल और करियर को मिलेगी नयी दिशा... जादूगोड़ा की रिया ने बनाई योजना

INT News29 October 2026 at 01:49 pm

जादूगोड़ा: जादूगोड़ा के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन और करियर के नये अवसरों से जोड़ने के लिए राखा कॉलोनी निवासी रिया शाह ने पहल शुरू की है. वर्तमान में एनआइटी रायपुर में बीटेक द्वितीय वर्ष की छात्रा रिया कनेक्टर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से विद्यार्थियों को अनुभवी मेंटर्स से जोड़ रही हैं. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी रुचि, क्षमता और लक्ष्य के अनुरूप सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने भविष्य को लेकर बेहतर निर्णय ले सकें.

वीरेंद्र प्रसाद व सीमा देवी की पुत्री रिया शाह वर्ष 2022 में अपने विद्यालय की बोर्ड परीक्षा की टॉपर रह चुकी हैं. उनका मानना है कि सही समय पर उचित मार्गदर्शन मिलने से विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और लक्ष्य निर्धारित करने में बड़ी मदद मिलती है.

चार स्कूलों में आयोजित किये सत्र

कनेक्टर्स की इस पहल के तहत रिया ने परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय सुरदा, नेताजी पब्लिक स्कूल जादूगोड़ा और जादूगोड़ा मोड़ हाई स्कूल में मेंटरशिप एवं प्रेरक सत्र आयोजित किये हैं. इन कार्यक्रमों में कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को पढ़ाई की रणनीति, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, उच्च शिक्षा के अवसरों और व्यक्तिगत विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गयीं.

प्रतिष्ठित संस्थानों के मेंटर्स से जुड़ने का अवसर

कनेक्टर्स के माध्यम से विद्यार्थियों को आइआइटी, एनआइटी, एम्स सहित देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ रहे अनुभवी छात्रों और विभिन्न क्षेत्रों के मेंटर्स से जुड़ने का अवसर मिल रहा है. इस मंच का उद्देश्य निःशुल्क मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर छात्रों का कौशल विकास करना है. इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए रिया ने प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की एक टीम भी तैयार की है, जिसमें जुनैद, नागेश्वर, अंजय, संस्कार, गारा टैगोर, नवल, शशांक, आदित्य, मयंक और कौस्तव शामिल हैं.