समाचार · झारखंड
सिसई के बास टोली चौक का नाम हुआ पंखराज बाबा कार्तिक उरांव चौक

गुमला: जिले के सिसई प्रखंड स्थित बास टोली चौक का नामकरण पंखराज बाबा कार्तिक उरांव चौक के रूप में किया गया. इस पहल से आदिवासी समाज में खुशी का माहौल है. बहुजन समाज पार्टी के पलामू जोन प्रभारी भीम टाइगर प्रमोद कुमार मोची के नेतृत्व में चौक का नामकरण किया गया. बताया गया कि सुरसा कोठारी में भी चौक का नामकरण किया गया है. बाबा कार्तिक उरांव के नाम पर चौक का नाम रखने का प्रयास पिछले दो वर्षों से किया जा रहा था, जो अब पूरा हुआ.
ये भी पढ़ें: Cyclone Arnab का असर: बारिश से 12 प्रखंडों में जनजीवन अस्त-व्यस्त
आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए किया जीवन समर्पित
इस अवसर पर प्रमोद कुमार मोची ने कहा कि पंखराज बाबा कार्तिक उरांव का जन्म 29 अक्टूबर 1924 को करौंदा लिटाटोली गांव में हुआ था. वे प्रख्यात इंजीनियर और आदिवासी समाज के प्रमुख नेता थे. उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने रांची स्थित एचईसी में काम किया. बाद में वे आदिवासी समाज के अधिकारों की आवाज उठाने के लिए राजनीति में आये.
कार्तिक उरांव लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र से तीन बार सांसद चुने गये. उन्होंने केंद्र सरकार में नागरिक उड्डयन एवं संचार मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी निभायी. आदिवासी समाज के अधिकारों, शिक्षा और सामाजिक विकास के लिए उनके योगदान को आज भी याद किया जाता है. 8 दिसंबर 1981 को उनका निधन हो गया.
ये भी पढ़ें: मुड़मा मेला जा रही लोहरदगा की महिला को बाइक ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत
नामकरण कार्यक्रम में शामिल हुए महिला-पुरुष
चौक का नामकरण होने पर स्थानीय लोगों ने खुशी जाहिर की. मौके पर नेपाल उरांव, जाबर खान, हुसैन अंसारी, गोपाल उरांव, बहादुर साहू उरांव, संचारिया उरांव, अनिता उरांव और शांति उरांव सहित काफी संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित थे.